आगरा, 13 जनवरी। मेजबान आगरा ने एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही तृतीय देवीराम स्मृति हॉकी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए मंगलवार को इटावा पर जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग के ही दूसरे मुकाबले में मेरठ ने विजय हासिल की। महिला वर्ग में अलीगढ़ ने अनूपशहर की टीम को हरा दिया। तीनों टीमों ने अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले मुकाबले में मेरठ में वैजयंती देवी इंटर कॉलेज को 5-2 से पराजित किया। मेरठ की तरफ से अकरम और मयंक ने दो-दो गोल किए। एक गोल वंश ने किया। वैजयंती देवी इंटर कॉलेज की तरफ से दोनों गोल कुणाल ने किये। कुणाल कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दूसरा मुकाबला महिला वर्ग में खेला गया, जिसमें अलीगढ़ ने अनूपशहर को 8-3 से पराजित किया। अलीगढ़ की टीम की तरफ से पांच गोल किरन ने किये और तीन गोल बिपाशा ने किये अनूपशहर की तरफ से दो गोल अर्पिता ने और एक गोल वर्षा ने किया। आरती कुमारी को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
तीसरा मैच पुरुष वर्ग में खेला गया जिसमें आगरा टीम ने इटावा को 3-2 से पराजित किया। आगरा की तरफ से मोहम्मद खलील, मनीष और दिनेश ने एक-एक गोल किया। इटावा की तरफ से दो गोल अकबर ने किये। मैन ऑफ द मैच इटावा के अभय यादव रहे।
मुख्य अतिथि बी डी जैन गर्ल्स पीजी कॉलेज की प्रधानाचार्या वंदना अग्रवाल, गौरव प्रसाद अग्रवाल केंट इंटर कालेज के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार लवानिया, इंडिया प्लेयर चक दे इंडिया के फेम जमशेद खान, उत्तर प्रदेश अंपायर कमेटी के अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव, अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्लेयर महेंद्र बोहरा, आगरा ब्रांच सीए एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव सिंघल, अंकित मित्तल, आयुष अग्रवाल, रोहित दुआ, अंकित बंसल, नितेश गुप्ता, मदन, विनय बंसल, संदीप उपाध्याय, टूर्नामेंट ऑब्जर्वर ओम प्रकाश शर्मा आगरा हॉकी के उपाध्यक्ष संजय तिवारी, रीनेश मित्तल, तपेश शर्मा, जैगम मशकूर उत्तर मध्य रेलवे, सतीश अग्रवाल, डॉ जयशंकर यादव, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत आगरा हॉकी के सचिव संजय गौतम ने किया।
मैचों के निर्णायक मंडल में प्रशांत शुक्ला, शकील खान, अमित सक्सेना, रश्मि, मधु, आशा, अख्तर एहसान उल और परवेज रहे।
बुधवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला महिला वर्ग में अलीगढ़ बनाम हरदोई के मध्य, दूसरा मुकाबला पुरुष वर्ग में मेरठ बनाम गाजियाबाद के मध्य, तीसरा मुकाबला महिला वर्ग में आगरा बनाम बी डी जैन के मध्य और आखिरी मुकाबला पुरुष वर्ग में आगरा बनाम अलीगढ़ के मध्य खेला जाएगा।
