आगरा। शहर में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर नगर निगम प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। प्रदूषण नियंत्रण के नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर निर्माण सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने दिए हैं। इसी क्रम में नगर निगम के अधिकारियों को लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को नगर निगम की टीम ने ताजनगरी फेस टू क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाने वाले तीन लोगों के खिलाफ 45 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। स्थानीय निवासी माता प्रसाद, पप्पू और राजीव कुमार द्वारा निर्माण कार्य के लिए मंगाई गई रेत, बजरी और सरिया आदि को सड़क पर ही फैला कर रखा गया था। इससे एक ओर जहां सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा था, वहीं हवा के साथ उड़ती धूल के कारण वायु प्रदूषण भी बढ़ रहा था।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम ने तीनों लोगों पर 15-15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में यदि निर्माण सामग्री सड़क पर रखी गई तो नगर निगम द्वारा उसे जब्त कर लिया जाएगा।
इसके अलावा इसी क्षेत्र में सड़क किनारे फुटपाथ पर अतिक्रमण कर व्यवसाय कर रहे तीन अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नगर निगम ने फुटपाथ पर अवैध कब्जा करने वालों से 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूलते हुए अतिक्रमण हटवाया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़क और फुटपाथ पर फैली निर्माण सामग्री और अतिक्रमण न केवल यातायात में बाधा बनते हैं, बल्कि धूल उड़ने से प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता है, जो आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई और तेज की जाएगी।
—नगर आयुक्त का वर्जन
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि “वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाने और अतिक्रमण करने से धूल प्रदूषण बढ़ता है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने के साथ-साथ सामग्री जब्ती की भी कार्रवाई की जाएगी।


