कृषि विभाग, नायब तहसीलदार, व बीडीओ की टीम बनाकर सिल्ट व स्क्रैपिंग के कार्य की जांच व सत्यापन कराएंः जिलाधिकारी

Press Release उत्तर प्रदेश

किसान नेताओं की शिकायत पर जिलाधिकारी ने शुक्रवार को किया किसान दिवस का आयोजन

कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में बीज और यूरिया की कोई कमी नहीं

आगरा, 21 नवंबर। आज जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी  की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन संपन्न हुआ। बैठक में उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार ने उपस्थित कृषकों एवं कृषक संगठनो के प्रतिनिधियो अधिकारियों को किसान दिवस आयोजन के उद्देश्य के संबध में अवगत कराया। जिलाधिकारी ने कृषकों की समस्याओं एवं बहुमूल्य सुझावों को सुना,जिसमें अवगत कराया गया कि जनपद में माइनर व रजबाहों की सिल्ट सफाई व स्क्रैपिंग का कार्य गुणवत्तापरक नहीं हुआ है, सिल्ट को रजबाहों की पटरी पर ही छोड़ दिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता सिचाई विभाग को तलब किया गया। जिसमें अवगत कराया गया कि नहरों की सिल्ट सफाई तथा स्क्रैपिंग कार्य किया गया है। जल निगम तथा नगर निगम द्वारा शोधित जल माइनर में बहाया जा रहा है उस पर रोक हेतु भी कार्यवाही की जा रही है। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि कृषि विभाग, संबंधित तहसील से नायब तहसीलदार, व बीडीओ की टीम बनाकर सिल्ट व स्क्रैपिंग आदि के कार्य की जांच व सत्यापन कराएं सिचाई विभाग द्वारा कराये गए नहरों की सिल्ट सफाई के कार्य का किसान व संगठनों के प्रतिनिधियों को भी मौके पर निरीक्षण करा समय से नहरों में पानी का संचालन सुनिश्चित कराएं।
विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहकारी समितियों में पर्याप्त यूरिया खाद की उपलब्धता न होने तथा खाद का अनियमित तरीके से वितरण किये जाने की समस्या तथा निजी उर्वरक विक्रेताओं द्वारा अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री किये जाने की शिकायत की गयी, जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में यूरिया की कोई कमी नहीं है,17821 मी. टन यूरिया उपलब्ध है। जिसके संबध में जिलाधिकारी द्वारा सहायक निबंधक सहकारिता तथा जिला कृषि अधिकारी को किसानों की मांग के अनुरूप यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने बैठक में कृषकों को आश्वस्त किया कि जनपद में बीज, उर्वरक आदि की पर्याप्त उपलब्धता है। बैठक में मक्का, धान व बाजरा खरीद की शिकायतों को रखा गया, जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि बाजरा खरीद हेतु 16 क्रय केंद्र संचालित हैं विगत वर्ष नवंबर मध्य तक 60 हजार क्विंटल खरीद हुई थी इस वर्ष 2077 किसानों से 80 हजार कुंटल की खरीद की जा चुकी है। बाजरा खरीद हेतु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, किसानों की आई स्कैनिंग की व्यवस्था है जिसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी कोई गुंजाइश नहीं है, सीमांत किसानों से बाजरा खरीद हेतु अभियान भी चलाया गया है।कुछ किसान बिना नंबर व टोकन के अपने ट्रैक्टर केंद्र पर लगा देते हैं जिससे अव्यवस्था होती है इस हेतु पुलिस विभाग की मदद से व्यवस्थित कार्य संचालन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सीमांत किसानों को समय से टोकन जारी कर खरीद करने के निर्देश दिए बाजरा खरीद प्रगति की अब तक की रिपोर्ट प्रेषित करने को निर्देशित किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह,उपनिदेशक कृषि मुकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई नीरज कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ डीके पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण व बड़ी संख्या में किसान व कृषक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिनमें श्याम सिंह चाहर, लक्ष्मीनरायन बघेल, भूरी सिंह, मुकेश पाठक, दिलीप सिंह, मोहन सिंह चाहर के अलावा महताब सिंह ,पुष्पेंद्र सिंह चाहर, सुरेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, जयप्रकाश ,नारायण सिंह ,अब्देस कुमार ,उदय सिंह चाहर ,रामगोपाल शर्मा, कुलदीप ,पुष्पेंद्र जैन ,अशोक कुमार ,तेजवीर सिंह सहित तमाम किसान मौजूद थे।  किसानों द्वारा की जा रहीं अनदेखी की शिकायतों के चलते जिलाधिकारी ने आज शुक्रवार को किसान दिवस का आयोजन विकास भवन में किया। हालांकि यह दिवस माह के तीसरे बुधवार को होता है लेकिन किसान की शिकायतों के निस्तारण के लिये आज आयोजित किया गया।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *