
आगरा। आगरा की होनहार बेटी साक्षी यादव ने महिला फ़ुटबॉल के क्षेत्र में एक बार फिर नया इतिहास रच दिया है। साक्षी यादव लगातार तीसरी बार नेशनल स्तर पर चयनित हुई हैं, जो किसी भी खिलाड़ी के लिए अत्यंत गौरवशाली उपलब्धि है। वर्ष 2023 में सब-जूनियर नेशनल, 2024 में जूनियर नेशनल, और अब वर्ष 2025 में जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में चयनित होकर उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से पूरे आगरा शहर का नाम रोशन किया है।
इस वर्ष का जूनियर नेशनल महिला फ़ुटबॉल टूर्नामेंट 3 से 12 दिसंबर तक नागालैंड में आयोजित हो रहा है। जिसमें साक्षी यादव के साथ आगरा की ही एक अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ी अंशी कश्यप का भी उत्तर प्रदेश महिला फ़ुटबॉल टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों का चयन न केवल आगरा के लिए गौरव की बात है, बल्कि उत्तर प्रदेश के खेल जगत के लिए भी एक प्रेरणादायी उपलब्धि है।
साक्षी यादव वर्तमान में आर्मी पब्लिक स्कूल, आगरा में कक्षा 10 की छात्रा हैं। अपने अध्ययन के साथ-साथ वे नियमित अभ्यास और अनुशासन का पालन करते हुए अपने स्कूल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमका रही हैं। उनके स्कूल कोच श्री विश्वनाथ भट्टाचार्य ने उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नागालैंड नेशनल प्रतियोगिता में चयन होने पर आगरा हॉकी एवं फ़ुटबॉल खेल जगत के प्रमुखों में सचिव बिल्लू चौहान, कोच योगेश वर्मा, वरिष्ठ कोच रवि पूनिया ने साक्षी यादव और अंशी कश्यप को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, खेलप्रेमियों और सामाजिक संस्थाओं ने भी दोनों बेटियों को शुभकामनाएँ दी।
डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राजीव सोई सहित क्षेत्रवासियों ने गर्व के साथ दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आगरा के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ती है। समाज के लोगों ने साक्षी और अंशिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में ये बेटियाँ न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश का नाम रोशन करेंगी।
साक्षी की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता श्रीमती बबीता यादव और बंटी यादव का अथक सहयोग, समर्पण और संघर्ष भी सराहनीय है। उनकी प्रेरणा और समर्थन ने ही साक्षी को निरंतर आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। क्षेत्रवासियों ने गर्व के साथ कहा कि साक्षी यादव जैसी बेटियाँ आगरा की शान हैं, जो फ़ुटबॉल के माध्यम से अपने स्कूल, अपने शहर और पूरे उत्तर प्रदेश का नाम देशभर में ऊँचा उठा रही हैं। सभी ने मिलकर यह कामना की कि आने वाले समय में साक्षी भारतीय महिला फ़ुटबॉल टीम में स्थान बनाकर देश के लिए खेलें और भारत का मान बढ़ाएँ।
