आगरा नगर निगम को ऐतिहासिक उपलब्धि, मिला जेड गोल्ड प्रमाणपत्र

Press Release उत्तर प्रदेश

जेड गोल्ड से आगरा नगर निगम को मिली राष्ट्रीय पहचान,  उत्तर प्रदेश का पहला नगर निगम बना जिसे मिला जेड गोल्ड सर्टिफिकेट

आगरा। आगरा नगर निगम ने स्वच्छता और पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। कुबेरपुर स्थित इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट सिटी में संचालित काउ डंग टू कंपोस्ट प्लांट को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा जेड गोल्ड (जीरो इफेक्ट जीरो डिफेक्ट ) प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि न केवल आगरा के लिए बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है, क्योंकि यह प्रदेश का पहला नगर निगम बन गया है जिसे यह मान्यता प्राप्त हुई है।

— प्रमाणपत्र का अर्थ—-

जेड का आशय है कि किसी भी प्रणाली का संचालन इस प्रकार किया जाए कि उसका पर्यावरण पर न्यूनतम प्रभाव हो और उत्पाद अथवा सेवाएं पूरी तरह से गुणवत्तापूर्ण व त्रुटिरहित हों। आगरा नगर निगम का काउ डंग टू कंपोस्ट प्लांट इन सभी मानकों पर खरा उतरा, जिसके चलते इसे जेड गोल्ड स्तर की मान्यता प्राप्त हुई।

— गोबर से हरियाली: वैज्ञानिक पद्धति से बन रही जैविक खाद—–

कुबेरपुर संयंत्र में प्रतिदिन लगभग 100 टन गोबर का वैज्ञानिक तरीकों से कंपोस्ट तैयार किया जा रहा है। यह जैविक खाद शहर के पार्कों, हरित क्षेत्रों और किसानों को दी जा रही है, जिससे जैविक खेती को बढ़ावा मिल रहा है। यह संयंत्र न केवल स्वच्छ भारत मिशन, सतत विकास लक्ष्य (एसडीसीएस) और वेस्ट टू वेल्थ अभियान को समर्थन दे रहा है, बल्कि यह कचरा प्रबंधन का एक मॉडल यूनिट भी बनकर उभरा है।

— जेड गोल्ड गुणवत्ता और पर्यावरणीय प्रबंधन में उत्कृष्टता की मोहर—-

जेड गोल्ड प्रमाणपत्र केवल एक तकनीकी मान्यता नहीं, बल्कि यह नगर निगम की रणनीतिक योजना, पर्यावरणीय दृष्टिकोण, संचालन दक्षता, नवाचार, सामुदायिक भागीदारी और प्रदूषण नियंत्रण में उत्कृष्टता का प्रतीक है। इस सफलता में नगर निगम की टीम, तकनीकी विशेषज्ञों, सफाई मित्रों, और आम नागरिकों का भी बड़ा योगदान है।

—नगर आयुक्त का बयान

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इस सम्मान पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा है कि “यह सम्मान हमारी समर्पित टीमवर्क और पर्यावरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का परिणाम है। आगरा नगर निगम ने सतत विकास और हरित प्रबंधन के क्षेत्र में एक नई दिशा दी है। जेड गोल्ड प्रमाणपत्र हमारी गुणवत्ता, नवाचार और शून्य प्रभाव-शून्य दोष के मूल सिद्धांतों को प्रमाणित करता है। भविष्य में भी हम इसी संकल्प के साथ कार्य करते रहेंगे।”

—महापौर का बयान—

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने इस ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि “यह उपलब्धि पूरे आगरा शहर के लिए गर्व की बात है। जेड गोल्ड प्रमाणपत्र दिखाता है कि हम न केवल सफाई और स्वच्छता के प्रति सजग हैं, बल्कि नवाचार, गुणवत्ता और पर्यावरण के प्रति भी हमारी सोच और कार्यशैली आधुनिक है। यह हमारी टीम की मेहनत और जनता के सहयोग का नतीजा है। हम आगे भी इस दिशा में प्रेरणादायक कार्य करते रहेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *