—- कुबेरपुर प्लांट की साफ-सफाई और व्यवस्था पर फिदा हुए विशेषज्ञ
आगरा। कुबेरपुर स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का आज अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष आई एच फारुकी के नेतृत्व में वि वि इंजीनियरिंग विभाग के पन्द्रह सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम द्वारा गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्लांट की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, प्रोसेसिंग व्यवस्था और नगर निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न नवाचारों की विस्तार से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान कुबेरपुर साइट पर पूर्व में एकत्रित लिगेसी वेस्ट के सम्पूर्ण निस्तारण को लेकर चर्चा की गई। साथ ही सिक्योर्ड लैंडफिल साइट पर प्रोसेसिंग के उपरांत भेजे जा रहे इनर्ट मैटीरियल की प्रक्रिया पर भी जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि किस प्रकार वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण किया जा रहा है ताकि पर्यावरण को न्यूनतम नुकसान पहुंचे। इसके अलावा कुबेरपुर साइट पर आगरा नगर निगम द्वारा किए जा रहे अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की भी जानकारी दी गई, जिनमें वेस्ट टू एनर्जी संयंत्र की स्थापना तथा सघन वन क्षेत्र के विकास की योजना प्रमुख रही। नगर निगम द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम बताया गया।
निरीक्षण उपरांत प्रोफेसर फारूकी एवं अन्य सदस्यों ने आगरा नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि देश के अन्य कई शहरों में भी इस प्रकार के संयंत्रों का निरीक्षण किया गया है, लेकिन जिस स्तर की व्यवस्था, अनुशासन और स्वच्छता कुबेरपुर प्लांट में देखने को मिली, वह वास्तव में काबिले तारीफ है। विशेष रूप से प्लांट के भीतर की साफ-सफाई व्यवस्था को उन्होंने अब तक की सबसे बेहतरीन बताया। प्रोफेसर फारूकी ने भविष्य में भी अपने संस्थान के छात्रों को स्टडी टूर के तहत कुबेरपुर प्लांट भेजने की इच्छा जाहिर की, ताकि छात्र व्यावहारिक रूप से आधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम को समझ सकें। प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रोफेसरों के अलावा पीएचडी कर रहे अंडर ग्रेजुएट छात्र छात्राओं ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर आगरा नगर निगम के पर्यावरण अभियंता एवं प्रभारी स्वच्छ भारत मिशन पंकज भूषण, संयंत्र संचालक फर्म के जनरल मैनेजर सुभाषचंद्र, तकनीकी सहायक जयप्रकाश, संजू शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


