ए-3 इंटरनेशनल इलेवन के जुगल किशोर को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार एनके यादव, अनवर खान ने दिया
आगरा। स्व. बीएस भटनागर स्मृति टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को ए3 इंटरनेशनल इलेवन ने ओबीए एंथनी इलेवन को 90 रन से हराकर पहली जीत दर्ज की। टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजो ने 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और बाद में गेंदबाजों ने ओबीए एंथनी इलेवन को 130 रन पर समेट दिया।
आयोजन सचिव बल्देव भटनागर ने बताया कि सेंटजोंस कॉलेज मैदान पर मंगलवार को मैच स्व. शलज अग्रवाल की स्मृति में खेला गया। मैच का टॉस ए3 इंटरनेशनल इलेवन ने जीता और अपने बल्लेबाजों के दम पर 20 ओवर में 5 विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के ओपनर मुद्दसर शम्सी ने 23, दूसरे ओपनर कौशल शर्मा ने 29 गेंद पर ताबड़तोड़ 41 रन बनाकर जोरदार शुरुआत दी। इसके बाद राजेश गुप्ता ने 21 गेंद में 47, जुगल किशोर ने 27 गेंद में नाबाद 68, बख्तयार ने 23 रन बनाकर अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। ओबीए एंथनी इलेवन के लिए गेंदबाजी करते हुए अंकुश कुंद्रा ने 2, अमर नायक-कृष्ण कालरा ने 1-1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओबीए एंथनी इलेवन की शुरुआत खराब रही और पहला विकेट 28 रन पर गिर गया। इसके बाद टीम ने नियमित अंतराल पर अपने विकेट खोए और टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 130 रन ही बना सकी। अमर नायक ने सर्वाधिक 23, अंकुर अग्रवाल ने 21, शशांक कौल ने 19 रन की पारी खेली। ए3 इंटरनेशनल इलेवन के लिए मो. हसीन और जुगल किशोर ने 2-2, मैडी-शैलेन्द्र चाहर ने 1-1 विकेट लिया। ए3 इंटरनेशनल इलेवन के जुगल किशोर को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार एनके यादव, अनवर खान ने दिया। मैच के अंपायर अतुल सोलंकी, दीपक कौशिक, कमेंटेटर नवीन गोस्वामी, देव नारायण पांडे थे। मैच के दौरान हरीश सक्सेना चिमटी, विजय कपूर, नईमुद्दीन, संजय शर्मा, अनुराग शर्मा, सुबोध श्रीवास्तव, डॉ. राजीव फिलिप, नरेन्द्र शर्मा आदि मौजूद रहे। बुधवार को स्व. उत्तम प्रकाश अग्रवाल की स्मृति में इश्का इलेवन व ओबीए एंथनी इलेवन के मध्य मैच खेला जाएगा।


