सर्किट हाउस के आसपास से पकड़े एक दर्जन कुत्ते व आधा दर्जन गोवंश

Press Release उत्तर प्रदेश

—-बंदरों को पकड़ने के लिए सर्किट हाउस में लगाये गये तीन पिंजरे
—-अजित नगर गेट से रमांडा तक हटाये गये अवैध होर्डिंग और बोर्ड

आगरा, 6 मार्च। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए नगर निगम ने सर्किट हाउस के आसपास के इलाके में अभियान चलाकर निराश्रित गोवंश और आवारा कुत्तों को पकड़ा। सर्किट हाउस में टीम लगाकर बंदरों को पकड़ने के लिए पिंजरे भी रखवाये गये हैं। अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री के आगमन रुट का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं संभाल रहे अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर नगर निगम की टीम गुरुवार को अजित नगर गेट से सर्किट हाउस तक व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने में जुटी रही। खेरिया मोड से लेकर सर्किट हाउस तक पूरे रुट पर अभियान चला कर अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग बोर्ड हटवाने के अलावा निराश्रित गोवंश, आवरा कुत्तों को पकड़ा गया। सर्किट हाउस और उसके आसपास के इलाके में नगर निगम की ओर से लगायी गईं करीब आधा दर्जन टीमों ने एक दर्जन कुत्तों को पकड़ा। इसके अलावा इस क्षेत्र में लगाये गये चार कैटल कैचर के माध्यम से आधा दर्जन निराश्रित गोवंश को भी पकड़ा गया। सर्किट हाउस में बंदरों पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से चार सदस्यों वाली एक टीम को भी लगाया गया है। अलग अलग स्थानों पर बंदरों को पकड़ने के लिए तीन पिंजरे भी रखवाये गये हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए पशु कल्याण अधिकारी डा. अजय सिंह ने बताया कि पकड़े गये सभी गोवंश को कान्हा गोशाला और कुत्तों को सर्जरी केंद्र भेजा गया है। सभी कुत्तों की सर्जरी के बाद उन्हें उसी क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा जहां से उन्हें पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि कई बार गोवंश सर्किट हाउस में प्रवेश कर जाते हैं। अंदर घुस कर ये पशु गोल्फ कोर्ट के अलावा सर्किट हाउस की हरियाली को भी नुकसान पहुंचाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *