—– पार्षदों के प्रस्तावों पर खर्च होंगे करोड़ों रुपये, एक दिसंबर को खुलेंगे टेंडर
आगरा। शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम प्रशासन ने बड़ी पहल की है। पार्षदों की ओर से दिए गए प्रस्तावों में से 213 विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन कार्यों के लिए पहली दिसंबर को टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है। खास बात यह है कि नगर निगम सदन में पार्षदों की मांग पर प्रत्येक पार्षद के क्षेत्र में आठ-आठ विकास कार्य कराने पर सहमति बनी थी। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में करीब 80 लाख रुपये के विकास कार्य कराने का निर्णय लिया गया है।
मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव के अनुसार, पार्षदों से उनके वार्डों में प्राथमिकता वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए थे। इन प्रस्तावों में सड़क निर्माण, गलियों का सुधार, नाली निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। प्रस्तावों की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 213 कार्यों के टेंडर जारी किए गए हैं। एक दिसंबर को टेंडर खुलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी कर संबंधित कार्यों के लिए एजेंसियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर निगम सदन की बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। इस पर प्रत्येक पार्षद के प्रस्ताव पर आठ-आठ कार्य कराने की सहमति बनी थी। इसका उद्देश्य यह है कि शहर के किसी भी वार्ड में विकास कार्यों की कमी न रहे और स्थानीय जरूरतों के मुताबिक सड़क, नाली समेत अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।
वहीं, नामित पार्षदों के क्षेत्रों को भी विकास योजनाओं में शामिल किया गया है। उनके क्षेत्रों में भी 20 लाख रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर शहर के सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्यों की शुरुआत से स्थानीय लोगों को बुनियादी सुविधाओं में राहत मिलने की उम्मीद है।
—- नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। पार्षदों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर कार्यों को स्वीकृति देकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई गई है। गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का ध्यान रखते हुए विकास कार्य पूरे कराए जाएंगे।
—— महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह का कहना है कि शहर के सभी वार्डों का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता है। सदन में पार्षदों की मांग पर प्रत्येक वार्ड में आठ-आठ कार्य कराने का निर्णय लिया गया था। इससे सभी क्षेत्रों में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ शहर के प्रत्येक वार्ड और वहां रहने वाले नागरिकों तक पहुंचे।


