
—- नेहरू नगर, सिविल लाइंस समेत चार क्षेत्रों में चला अभियान, पशु पालकों से जानवरों को बाड़े में रखने की अपील
—- गोवंश छुड़ाने के लिए देना होगा दो हजार रुपये जुर्माना, 24 घंटे बाद प्रति खुराक 200 रुपये अतिरिक्त शुल्क
आगरा। त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने निराश्रित गोवंश को सड़कों से हटाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को नगर निगम की कैटल कैचर टीम ने नेहरू नगर, सिविल लाइंस, महात्मा गांधी रोड और पुलिस लाइन क्षेत्र में अभियान चलाकर दो दर्जन निराश्रित गोवंश को पकड़ा। सभी गोवंश को नगर निगम की गौशाला में भिजवाया गया।
त्योहारी सीजन में बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा पशुओं से दुर्घटना और लोगों के चोटिल होने का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए नगर निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़कों पर घूम रहे गोवंश को कैटल कैचर वाहन की मदद से पकड़कर गौशाला पहुंचाया गया।
—– गोवंश छुड़ाने के लिए देना होगा जुर्माना
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, पकड़े गए गोवंश को छुड़ाने के लिए पशु पालक को दो हजार रुपये जुर्माना देना होगा। यदि पशु 24 घंटे से अधिक समय तक गौशाला में रहता है तो उसके लिए प्रति खुराक 200 रुपये अतिरिक्त शुल्क भी लिया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य पशु पालकों को अपने गोवंश की जिम्मेदारी लेने और उन्हें खुले में छोड़ने से रोकना है।
—- पशु पालक अपने जानवरों को बाड़े में रखें
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर अपेक्षाकृत अधिक भीड़ रहती है। ऐसे में छुट्टा जानवर लोगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। नगर निगम की कैटल कैचर टीम लगातार अभियान चलाकर निराश्रित गोवंश को गौशाला पहुंचा रही है।
उन्होंने पशु पालकों से अपील की कि वे अपने जानवरों को खुले में न छोड़ें और उन्हें बाड़े में ही रखें, जिससे आम जनमानस को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि गोवंश को सड़कों पर छोड़ने से यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
—– नगर आयुक्त का वर्जन
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि त्योहारों के दौरान शहर में यातायात और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निराश्रित गोवंश को पकड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। कैटल कैचर टीम को प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पशु पालक अपने गोवंश को खुले में न छोड़ें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


