जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने विशेष मतदाता अभियान के अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
बीएलओ की उपस्थिति और अभियान की प्रगति लेकर दिए आवश्यक निर्देश
सभी जनपदवासी आगामी विशेष अभियान दिवस, 24 अक्टूबर 2026 को बूथ पर पहुंचकर अपने एवं परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें, छूटे हुए पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाएं-जिलाधिकारी
आगरा.17/10/2026/आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने एवं मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति, मतदाता पंजीकरण कार्य तथा विशेष कैंप की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने 87 छावनी विधानसभा क्षेत्र के हॉलमैन पब्लिक स्कूल में बूथ संख्या 4 से 8 तथा राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में बूथ संख्या 186 से 189, 88 दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के एमडी जैन इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 211 से 218 तथा 89 उत्तर विधानसभा क्षेत्र के आरईआई इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 289 से 293 और राधावल्लभ इंटर कॉलेज, दयालबाग में बूथ संख्या 280 से 288 का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित सुपरवाइजर एवं बीएलओ से कुल प्राप्त फॉर्म, एसआईआर से पूर्व तथा बाद में मतदाता सूची में दर्ज किए गए मतदाता, छूटे हुए मतदाता, नाम, पता एवं फोटो परिवर्तन के संबंध में जानकारी ली।
कुछ मतदान केंद्रों पर बीएलओ के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने संबंधित सुपरवाइजर से जानकारी लेकर जवाब तलब किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सूरसदन में प्रशिक्षण में शामिल बीएलओ को अनुपस्थित न माना जाए, जबकि बिना प्रशिक्षण के अपने निर्धारित बूथ पर अनुपस्थित पाए गए बीएलओ के विरुद्ध वेतन कटौती की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से छूटने न पाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि आगामी विशेष अभियान दिवस 24 अक्टूबर का भी प्रचार प्रसार करने, राजनैतिक दलों के बीएलए के साथ समन्वय कर डोर टू डोर संपर्क कर छूटे हुए मतदाताओं को मतदाता सूची में जुड़वाने हेतु फार्म भरवाना सुनिश्चित करें। विशेष अभियान के दौरान सभी बूथों पर निर्धारित समय में उपस्थित रहकर नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान राधावल्लभ इंटर कॉलेज में स्काउट गाइड द्वारा अभियान में उल्लेखनीय सहभागिता हेतु जिलाधिकारी द्वारा सराहना करते हुए अभियान को व्यापक बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आगामी 24 अक्टूबर के विशेष अभियान दिवस हेतु नगर निगम के कूड़ा कलेक्शन वाहन के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील की कि आगामी विशेष अभियान दिवस 24 अक्टूबर को भी अपने बूथ पर जाकर संबंधित बीएलओ से वह अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है, तो फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें। नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता सकता है।
निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी(नगर)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, एसीएम नितिन तेवतिया, नायब तहसीलदार अनिल चौधरी सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।


