गरीब नगर में मकान तोड़ने के मामले में अपर नगर आयुक्त ने दिया जांच का आश्वासन
आगरा। जीवनी मंडी स्थित गरीब नगर में मकान तोड़े जाने और नगर निगम में कथित ई-टेंडर घोटाले का मामला सामने आने के बाद महानगर कांग्रेस कमेटी ने दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त के नाम ज्ञापन देकर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजे और राहत उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर गलत कार्रवाई की गई है तो संबंधित व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में उठाए गए इस मुद्दे में वार्ड संख्या 16 के जीवनी मंडी स्थित गरीब नगर में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने पर आपत्ति जताई गई है। कांग्रेस का आरोप है कि क्षेत्रीय पार्षद के दबाव में उचित पूर्व सूचना दिए बिना और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बगैर गरीब परिवारों के घरों को तोड़ा गया। इससे प्रभावित परिवारों के सामने रहने और गुजर-बसर करने का संकट खड़ा हो गया है।
—- प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें तत्काल वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाए। साथ ही भोजन और आवश्यक राहत सामग्री की व्यवस्था की जाए तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे के संबंध में उचित कदम उठाए जाएं। ज्ञापन में कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कथित रूप से दबाव बनाने वाले लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गरीब और असहाय परिवारों के आवास से जुड़े मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। किसी भी परिवार को बेघर करने से पहले नियमानुसार प्रक्रिया का पालन और प्रभावित लोगों के हितों का ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
—- जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन
मामले में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने जांच कराने का आश्वासन देते हुए स्पष्ट किया कि यदि किसी स्तर पर गलत कार्रवाई किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति की जिम्मेदारी तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


