पीएम स्वनिधि मेले में स्ट्रीट वेंडर्स को मिला संबल, पात्रों को बांटे ऋण, नए आवेदनों का भी पंजीकरण

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। सेवा सेतु संकल्प अभियान के तहत शनिवार को नगर निगम परिसर स्थित पार्क में पीएम स्वनिधि लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। मेले में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को ऋण वितरण की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके साथ ही योजना का लाभ लेने के इच्छुक नए पात्र स्ट्रीट वेंडर्स के ऋण आवेदनों का पंजीकरण भी किया गया। बड़ी संख्या में रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ पर कारोबार करने वाले लोगों ने मेले में पहुंचकर योजना की जानकारी ली और विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में महापौर हेमलता दिवाकर ने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान लाभार्थियों को योजना के तहत उपलब्ध ऋण सुविधाओं, ऋण की प्रक्रिया तथा डिजिटल लेनदेन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्ट्रीट वेंडर्स से डिजिटल माध्यम से अधिक से अधिक लेनदेन करने की अपील की, ताकि उन्हें योजना से मिलने वाले लाभों के साथ डिजिटल वित्तीय व्यवहार को बढ़ावा मिल सके।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार और परियोजना अधिकारी डूडा अतुल कुमार गुप्ता ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराना है। इससे वेंडर्स अपने छोटे कारोबार में पूंजी लगा सकेंगे और अपनी आजीविका को अधिक सुदृढ़ कर सकेंगे। योजना के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
सेवा सेतु संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और सरकारी सेवाओं को आसान तरीके से उपलब्ध कराने के लिए शिविर एवं मेले आयोजित किए जा रहे हैं। पीएम स्वनिधि मेले के माध्यम से भी स्ट्रीट वेंडर्स को वित्तीय सहायता से जोड़ने के साथ उन्हें अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *