आगरा। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम परिसर में शनिवार को 40×75 फीट की विशाल जीरो-वेस्ट रंगोली आकर्षण का केंद्र बनी। नगर निगम और सहयोगी संस्था म्यूज फाउंडेशन की संयुक्त टीम ने तैयार की इस रंगोली के जरिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया। रंगोली में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान की थीम को भी प्रमुखता से उकेरा गया था।
विशाल रंगोली में चार रंगों वाले कूड़ेदान, रीसाइक्लिंग का प्रतीक, पौधारोपण, सफाई मित्रों के योगदान समेत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न संदेशों को कलात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया। रंगोली को देखने के लिए निगम परिसर में आने वाले नागरिकों में भी उत्सुकता दिखाई दी।
इस रंगोली की खासियत यह रही कि इसे तैयार करने में किसी प्रकार के सिंथेटिक या रासायनिक रंगों का इस्तेमाल नहीं किया गया। ताजे फूलों और चूने से तैयार प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर इसे जीरो-वेस्ट मॉडल के रूप में तैयार किया गया। इसके माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि रचनात्मक गतिविधियों के जरिए भी पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सकता है।


