जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न
आगरा.23/09/2026/आज जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, जलभराव, जल निकासी, सड़क, नाली, साफ-सफाई एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उद्योग बंधुओं की समस्याओं का प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में गढ़ी महासिंह सब-स्टेशन, एत्मादपुर से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों की विद्युत आपूर्ति की समीक्षा में बताया गया कि विगत माह फीडर पर डबल पोल स्थापित करने, विद्युत लाइन के निकट पेड़ों की शाखाओं की छंटाई तथा क्षतिग्रस्त खंभे, कंडक्टर एवं अन्य सामग्री बदलने का कार्य कराया गया है। इससे विद्युत आपूर्ति में काफी सुधार आया है। जिलाधिकारी महोदय ने विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाए रखने तथा अन्य संबंधित समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में टेढ़ी बगिया से चार पुलिया तक बड़े नाले के निर्माण के कारण औद्योगिक आवागमन प्रभावित होने के प्रकरण में बताया गया कि विभिन्न मार्गों एवं दुर्घटना स्थलों पर नाले को कवर किए जाने हेतु आगणन तैयार किया जा चुका है। वित्तीय स्वीकृति के उपरांत नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य कराया जाएगा। जिलाधिकारी महोदय ने आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कार्य को समयबद्ध रूप से कराने के निर्देश दिए।
बैठक में भगवती बाग, फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क एवं नाली निर्माण के प्रकरण में जिलाधिकारी महोदय ने शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बोदला-बिचपुरी रोड के नाले की सफाई एवं बंदरों की समस्या की समीक्षा में बताया गया कि नाले की सफाई तथा सिल्ट निस्तारण कराया जा रहा है और मंकी कैचर टीम द्वारा बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी महोदय ने नाले को कवर्ड करने तथा बंदरों की समस्या के प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में विरोला शू फैक्ट्री एवं केएफ एक्सपोर्ट के सामने जलभराव एवं जल निकासी के प्रकरण में बताया गया कि संबंधित विभाग से आख्या मांगी गई है। जिलाधिकारी ने पुनः रिमाइंडर भेजकर आगामी बैठक में कार्यवाही की स्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में यमुना इंडस्ट्रियल पार्क, धरेरा, एत्मादपुर के संपर्क मार्ग की जर्जर स्थिति तथा सड़क, सीवर एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय परीक्षण कर समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण विभागीय समन्वय के साथ प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई एवं स्पष्ट प्रगति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी(वित्त एवं राजस्व)संदीप वर्मा, उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह, सहायक नगरायुक्त श्रद्धा पांडेय, एसीपी श्वेता वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला उद्योग बंधु समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।


