—- फतेहाबाद रोड पर रसोई रत्न समेत दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, होटल डीलक्स भी दंडित
आगरा। तमाम पाबंदियों के बावजूद होटल-रेस्टोरेंट संचालक ताजनगरी की आबोहवा खराब करने से बाज नहीं आ रहे हैं। नगर निगम प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी और कार्रवाई के बावजूद कई स्थानों पर कोयला संचालित तंदूर और भट्ठियां चलती मिल रही हैं। शनिवार को नगर निगम की टीम ने फतेहाबाद रोड पर कार्रवाई करते हुए रसोई रत्न समेत दो स्थानों पर संचालित भट्ठियों को पानी डालकर ठंडा कराया और जुर्माना वसूला।
जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा और एसएफआई मलखान सिंह के नेतृत्व में टीम ने फतेहाबाद रोड पर होटल-रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो स्थानों पर भट्ठियां संचालित मिलीं। टीम ने तत्काल भट्ठियों को पानी डालकर बुझाया और संचालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की। नगर निगम की ओर से दोनों प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बाबू जगजीवन राम चौराहा स्थित होटल डीलक्स के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। आरोप है कि होटल की ओर से नगर निगम की अनुबंधित एजेंसी को कूड़ा देने के बजाय उसे सार्वजनिक स्थान पर फिंकवाया जा रहा था। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए होटल संचालक से जुर्माना वसूला और भविष्य में कूड़ा सार्वजनिक स्थान पर न फेंकने की चेतावनी दी।
नगर निगम की कार्रवाई के दौरान कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोयला संचालित भट्ठियों और तंदूरों से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाने के साथ ही शहर की आबोहवा को प्रभावित करता है। वहीं सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकना भी स्वच्छता नियमों का उल्लंघन है।
—— एनजीटी के नियमों का पालन जरूरी
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि ताजनगरी में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन कराया जा रहा है। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही तंदूर और भट्ठियों का संचालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर जुर्माने के साथ अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर आयुक्त का वर्जन—–
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर की आबोहवा खराब करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को नियमों की अनदेखी नहीं करने दी जाएगी। एनजीटी और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। कोयला संचालित भट्ठियां या तंदूर चलते मिले तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ भी अभियान लगातार जारी रहेगा।


