—- फुटपाथ पर कब्जे, टिन शेड और होर्डिंग ध्वस्त, कार्रवाई से दुकानदारों में मचा हड़कंप
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खेरिया मोड़ से जगनेर रोड पर नगर निगम की सीमा तक जोरदार अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानों के आगे फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कराया गया। दर्जनों दुकानों के आगे लगाए गए टिन शेड, तिरपाल ,होर्डिंग, बैनर और बोर्ड हटाए गए। अचानक हुई कार्रवाई से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से 17500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम प्रशासन की ओर से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को लगातार अलर्ट किया जा रहा था। इसके बावजूद फुटपाथ और सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान का सामान फैलाने तथा टिन शेड और प्रचार सामग्री लगाने का सिलसिला जारी था। शुक्रवार को नगर निगम की टीम भारी पुलिस फोर्स और प्रवर्तन दल के साथ मौके पर पहुंची और अभियान शुरू किया। टीम ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर दुकानदारों और अन्य लोगों ने अभियान का विरोध करने का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर मौजूद भारी पुलिस फोर्स और नगर निगम की टास्क फोर्स के चलते विरोध करने वालों के मंसूबे सफल नहीं हो सके। टीम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी ताजगंज जोगेंद्र सिंह ने किया। उनके साथ जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा, एसएफआई अभय यादव और प्रभारी प्रवर्तन दल कर्नल राहुल गुप्ता सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। टीम ने दुकानों के आगे अस्थायी रूप से बनाए गए टिन शेड, सड़क की ओर निकाले गए बोर्ड, होर्डिंग और बैनर हटाते हुए फुटपाथ को खाली कराया।
नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि कार्रवाई के बाद दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ अन्य कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सड़क और फुटपाथ आम लोगों के आवागमन के लिए हैं, इसलिए उन पर कब्जा कर यातायात और पैदल चलने वालों के लिए परेशानी पैदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वर्जन —–
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर फुटपाथ एवं सड़क पर किए गए अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में कायम न रहने दिया जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। ऐसे में नगर निगम की टीम नियमित रूप से अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराएगी और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


