डीवीएनएल की ड्रिलिंग से फटी 16 इंच की पेयजल लाइन, रातभर चला मरम्मत कार्य

Press Release उत्तर प्रदेश

सिकंदरा समेत छह इलाकों की जलापूर्ति रही प्रभावित, सुबह तक सप्लाई बहाल होने की उम्मीद

आगरा। सिकंदरा स्थित एलेन कोचिंग के सामने डीवीएनएल की ओर से अंडरग्राउंड ड्रिलिंग के दौरान 16 इंच व्यास की मुख्य पेयजल पाइपलाइन गत दिवस क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सिकंदरा और आसपास के कई इलाकों की जलापूर्ति प्रभावित हो गई। सूचना मिलते ही जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी रही।
पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से मड़िया कटरा, जगदीशपुर, नगला पत्थर घोड़ा, कैलाश पुरी, सिकंदरा और बजरंग नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बाधित रही। जलकल विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्से की खुदाई कर पाइपलाइन बदलने और लाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कराया। देर शाम तक मौके पर मरम्मत कार्य लगातार जारी था।
जलकल महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि डीवीएनएल द्वारा अंडरग्राउंड ड्रिलिंग के दौरान 16 इंच की मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य पूरी रात चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मरम्मत पूरी होने के बाद लाइन का परीक्षण किया जाएगा और सब कुछ सामान्य रहने पर मंगलवार सुबह तक प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जलकल विभाग की तकनीकी टीमों को मौके पर लगाया गया है और प्रयास है कि लोगों को कम से कम असुविधा हो। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से सहयोग और संयम बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *