आगरा। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जुलाई को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मंडपम, स्वामी विवेकानंद परिसर में आयोजित ‘कैशलेस योजना’ के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं तथा कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी के निर्देशन में आयोजित बैठक में सभी समिति अध्यक्षों एवं सदस्यों को उनके दायित्वों का विस्तार से आवंटन किया गया। कुलपति ने कार्यक्रम को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी समितियों के बीच समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं विश्वविद्यालय के कुलसचिव अजय मिश्रा (पीसीएस) कार्यक्रम की समस्त प्रशासनिक एवं व्यवस्थागत तैयारियों की सतत निगरानी करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन के अवसर पर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, नवाचारों, सामाजिक सरोकारों एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसी अवसर पर विश्वविद्यालय का सामुदायिक रेडियो 90.4 ‘आगरा की आवाज़’ विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास, शताब्दी यात्रा, समाज हित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों तथा छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं सशक्तीकरण में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर आधारित एक संक्षिप्त प्रेरणादायी डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत करेगा, जिससे मुख्यमंत्री सहित सभी विशिष्ट अतिथियों को विश्वविद्यालय की विकास यात्रा और सामाजिक योगदान की झलक प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा, प्रोटोकॉल, अतिथि सत्कार, मंच, प्रदर्शनी, सभागार, भोजन, आवागमन, सौंदर्यीकरण तथा अन्य सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह आयोजन विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को प्रदेश स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला ऐतिहासिक अवसर सिद्ध होगा।


