—–एक लाख तक के निर्माण व जलनिकासी कार्यों को मिली मंजूरी, टेंडर होते ही शुरू होंगे विकास कार्य
आगरा। शहर के विभिन्न वार्डों की समस्याओं को लेकर सोमवार को शहर के एक दर्जन से अधिक पार्षदों ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से नगर निगम कार्यकारिणी हाल में मुलाकात की। इस दौरान जलभराव, सफाई व्यवस्था, लंबित निर्माण कार्यों और सावन माह में परिक्रमा मार्ग की मरम्मत सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्षदों ने नगर आयुक्त को बताया कि बरसात के मौसम में कई इलाकों में जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने की भी मांग की गई।
बैठक के दौरान पार्षदों ने कहा कि शहर में कई विकास कार्यों की फाइलें टेंडर प्रक्रिया पूरी न होने के कारण लंबे समय से लंबित पड़ी हैं। वहीं, कुछ स्थानों पर टेंडर होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सके हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने नगर आयुक्त से इन कार्यों को शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने पार्षदों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान में नगर निगम की पहली प्राथमिकता जलभराव की समस्या का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि निर्माण और जलभराव से संबंधित एक लाख रुपये तक की लागत वाले सभी कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे टेंडर प्रक्रिया पूरी होती जाएगी, वैसे-वैसे शेष विकास कार्य भी शुरू करा दिए जाएंगे।
सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों द्वारा कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग पर नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करेगा। जिन क्षेत्रों में आवश्यकता से अधिक सफाई कर्मचारी तैनात हैं, वहां से उन्हें हटाकर उन वार्डों में भेजा जाएगा जहां कर्मचारियों की कमी है। इससे सफाई व्यवस्था में सुधार आएगा और सभी क्षेत्रों में संतुलित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
बैठक में सावन माह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए परिक्रमा मार्ग की मरम्मत और पैचवर्क का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर नगर आयुक्त ने बताया कि निर्माण विभाग को परिक्रमा मार्ग पर आवश्यक पैचवर्क कराने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त ने पार्षदों से कहा कि नगर निगम जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और सभी विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी जनहित से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पार्षद रवि माथुर, राकेश जैन, भरत शर्मा, आशीष सिंह, दीपक वर्मा, मीनाक्षी वर्मा, मुरारी लाल गोयल, प्रदीप अग्रवाल, किशोर कुमार, मंगल सिंह संतोष, प्रेम दास, शरद चौहान, मधु माहौर, शशिकांत गुप्ता, रेनू गुप्ता, फूल प्यारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह और निर्माण विभाग के अभियंता मौजूद रहे।


