नामनेर से ईदगाह बस स्टैंड तक नगर निगम के बुलडोजर ने ढहाया कहर

Press Release उत्तर प्रदेश

—— चेतावनी के बावजूद ध्यान न देने पर टिन शेड, रैंप, सीढ़ियां और खोखे ध्वस्त, दुकानदारों में मची अफरातफरी

आगरा। नगर निगम की नगर टास्क फोर्स ने मंगलवार को नामनेर से ईदगाह बस स्टैंड तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर नाले-नालियों, फुटपाथ और साइड पटरी पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान नगर निगम के प्रवर्तन दल ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से दुकानों के आगे किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बना रहा। कई दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए, जबकि कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास भी किया, लेकिन नगर निगम के प्रवर्तन दल और पुलिस बल की सख्ती के चलते उनका विरोध सफल नहीं हो सका।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार अभियान से पहले ही नामनेर से ईदगाह बस स्टैंड तक मुनादी कराकर सभी दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि वे स्वयं ही फुटपाथ, नाले-नालियों और सार्वजनिक भूमि से अपना अतिक्रमण हटा लें। इसके बावजूद निर्धारित समय तक अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर मंगलवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान दुकानों के आगे लगाए गए टिन शेड, पक्के निर्माण, नीचे उतरने के लिए बनाई गई सीमेंट और लोहे की सीढ़ियां, सड़क की ओर बढ़ाए गए दर्जनों रैंप तथा अस्थायी खोखे और अन्य अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया। नगर निगम की कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि नाले-नालियों और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी तथा राहगीरों और वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए सार्वजनिक हित में यह अभियान चलाया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह अभियान लगातार जारी रहेगा।

—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन—
“नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को पर्याप्त समय दिया गया था। इसके बावजूद जिन लोगों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। नाले-नालियों, फुटपाथ और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर में यातायात व्यवस्था और जल निकासी को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *