बिजलीघर को जलभराव से बचाने को नगर निगम ने पहली बार उठाया ऐतिहासिक कदम, काजीपाड़ा नाले से हट रहीं पानी की लाइनें

Press Release उत्तर प्रदेश

 अमर सिंह गेट पर पार्किंग तोड़कर अंडरग्राउंड नाले की मशीनों से कराई जा सफाई, बरसात से पहले नगर निगम का बड़ा अभियान

आगरा। इस बार बरसात में बिजलीघर और आसपास के इलाकों को जलभराव से बचाने के लिए नगर निगम ने दो मोर्चों पर एक साथ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। एक ओर काजीपाड़ा रेलवे पुल के पास नाले के बीच से गुजर रही जलकल विभाग की बड़ी पानी की लाइनों को हटाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पहली बार भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की अनुमति मिलने के बाद लाल किले के अमर सिंह गेट पर बनी पक्की पार्किंग तोड़कर उसके नीचे से गुजर रहे अंडरग्राउंड नाले की मशीनों से सफाई कराई जा रही है। नगर निगम का दावा है कि दोनों कार्य पूरे होने के बाद बारिश के दौरान बिजलीघर क्षेत्र में जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि काजीपाड़ा रेलवे पुल के पास नाले के बीच से गुजर रही बड़ी पानी की लाइनों के कारण हर बरसात में कचरा और पॉलीथिन फंस जाती थी। इससे नाले का प्रवाह रुक जाता था और बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाता था। परिणामस्वरूप बिजलीघर चौराहा और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बन जाती थी। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम और जलकल विभाग ने संयुक्त अभियान चलाते हुए नाले के बीच से गुजर रही लाइनों को किनारे शिफ्ट करना शुरू किया है। एक ओर की लाइन शिफ्ट की जा चुकी है, जबकि दूसरी ओर का कार्य अंतिम चरण में है और इसके इसी सप्ताह पूरा होने की संभावना है।

लाल किले पर पार्किंग तोड़कर अंडरग्राउंड नाले में उतारी मशीनें —–

इसके साथ ही नगर निगम ने वर्षों पुरानी एक और बड़ी बाधा को भी दूर किया है। लाल किले के अमर सिंह गेट पर बनी पक्की पार्किंग के नीचे से गुजर रहे अंडरग्राउंड नाले की अब तक प्रभावी सफाई नहीं हो पाती थी। एएसआई से अनुमति मिलने के बाद पहली बार पार्किंग का हिस्सा हटाकर मशीनों को नाले के भीतर उतारा गया और व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। मशीनों की मदद से नाले में जमा गाद, कचरा और अन्य अवरोध हटाए गए हैं, जिससे पानी के प्रवाह में आने वाली लगभग सभी प्रमुख बाधाएं समाप्त हो गई हैं।
उनका कहना है कि दोनों स्थानों पर चल रहे कार्य पूरे होने के बाद बारिश के पानी की निकासी पहले की अपेक्षा अधिक तेज होगी। इससे बिजलीघर, काजीपाड़ा, अमर सिंह गेट और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। बरसात से पहले शहर के प्रमुख नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का अभियान लगातार जारी है।

—-नगर आयुक्त बोले

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर को जलभराव मुक्त बनाने के लिए हर उस बाधा को हटाया जा रहा है, जो पानी की निकासी में रुकावट बन रही थी। पहली बार एएसआई की अनुमति लेकर अमर सिंह गेट पर पार्किंग हटाकर अंडरग्राउंड नाले की मशीनों से सफाई कराई गई है। वहीं काजीपाड़ा नाले से पानी की लाइनें भी हटाई जा रही हैं। इन दोनों कार्यों का लाभ इस बरसात में लोगों को मिलेगा और बिजलीघर क्षेत्र में जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *