
कुबेरपुर आईडब्ल्यूएमसी और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का मेयर संग पार्षदों ने किया भ्रमण
आगरा, प्रमुख संवाददाता। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर निगम द्वारा कुबेरपुर स्थित इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट सिटी (आईडब्ल्यूएमसी) का विशेष अध्ययन भ्रमण आयोजित किया गया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षदों ने आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली और निर्माणाधीन वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण और अन्य अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
भ्रमण के दौरान पार्षदों को बताया गया कि आगरा शहर से प्रतिदिन निकलने वाले ठोस अपशिष्ट का संग्रहण, परिवहन, पृथक्करण, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक निस्तारण किस प्रकार किया जाता है। अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नगर निगम द्वारा अपनाई जा रही विभिन्न श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए एक समेकित एवं टिकाऊ अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित की है, जो अन्य नगर निकायों के लिए भी एक मॉडल के रूप में स्थापित हो रही है।
जनप्रतिनिधियों को कुबेरपुर स्थित निर्माणाधीन वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का भी भ्रमण कराया गया। अधिकारियों ने संयंत्र की तकनीकी विशेषताओं, संचालन प्रणाली और इससे होने वाले पर्यावरणीय लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि यह अत्याधुनिक परियोजना प्रतिदिन प्राप्त होने वाले ठोस अपशिष्ट से 25 मेगावाट विद्युत ऊर्जा का उत्पादन करने में सक्षम होगी। इसके शुरू होने से शहर में अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण को नई गति मिलेगी, साथ ही ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। अधिकारियों के अनुसार परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और वर्ष 2026 के अंत तक इसके पूर्ण होकर संचालन में आने की संभावना है।
अध्ययन भ्रमण के दौरान पार्षदों ने संसाधन पुनर्प्राप्ति, लिगेसी वेस्ट के निस्तारण, जैविक अपशिष्ट प्रसंस्करण तथा वेस्ट टू एनर्जी तकनीक से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों से कई तकनीकी प्रश्न भी पूछे। जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित यह व्यवस्था आगरा को स्वच्छ, हरित और सतत शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के अंत में महापौर ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, पर्यावरण प्रकोष्ठ के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पार्षद उपस्थित रहे।

सिकंदरा से कुबेरपुर तक सिटी बस से पहुंची महापौर और पार्षद, दिया ईंधन बचत का संदेश
अध्ययन भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने निजी वाहनों के बजाय सिटी बस से यात्रा कर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया। महापौर एवं पार्षदगण सिकंदरा स्थित गुरुद्वारा परिसर से सिटी बस में सवार होकर कुबेरपुर स्थित इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट सिटी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों की तरह बस यात्रा का अनुभव लिया।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील कर रहे हैं। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सिटी बस से यात्रा की गई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग से ईंधन की बचत के साथ-साथ ट्रैफिक और वायु प्रदूषण में भी कमी लाई जा सकती है। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से भी अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की।
—–यह पार्षद रहे उपस्थित—–
प्रकाश केसरवानी ,शरद चौहान, अनुराग चतुर्वेदी, हेमंत प्रजापति, अमित सिंह पटेल, मीनाक्षी वर्मा, प्रवीणा रजावत, विक्रांत कुशवाह, भरत शर्मा ,सुधीर राठौर, बद्री प्रसाद माहौर ,हरिओम बघेल और अनुज शर्मा


