
आगरा 06/06/2026 आज जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खेरागढ़ का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, एक्स-रे कक्ष, पैथोलॉजी लैब, नेत्र चिकित्सा कक्ष तथा दवा स्टोर रूम का अवलोकन किया और दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जच्चा-बच्चा कक्ष का भी निरीक्षण किया, जहां दो महिलाएं भर्ती पाई गईं। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के बैंक खातों का सत्यापन कराया तथा संबंधित रजिस्टर का अवलोकन किया। जांच के दौरान लाभार्थियों के बैंक खाता विवरण रजिस्टर में विधिवत अंकित पाए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध जांच सुविधाओं की जानकारी आमजन को सहज रूप से उपलब्ध कराने हेतु जांचों की सूची को दीवारों पर अथवा पंपलेट के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि कुल 97 प्रकार की जांचों में से 56 प्रकार की जांचें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने जनरल वार्ड का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय वहां चार मरीज भर्ती थे, जिन्हें चिकित्सकीय परामर्श के उपरांत आज डिस्चार्ज किया गया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी खेरागढ़, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता, डॉ. आर.के. तथा श्री कुलदीप भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


