खुले मैनहोल पर नगर निगम सख्त, हादसा होने पर अधिकारी होंगे जिम्मेदार

Press Release उत्तर प्रदेश

—- वीआईपी रोड पर खुले मैनहोल की सूचना पर नगर आयुक्त का कड़ा रुख, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

आगरा। शहर में खुले पड़े मैनहोलों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में कहीं भी मैनहोल खुला पाए जाने पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खुले मैनहोल आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर आयुक्त ने यह चेतावनी अर्जुन नगर क्षेत्र स्थित वीआईपी रोड पर खुले पड़े मैनहोल की सूचना मिलने के बाद जारी की। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मैनहोल बंद कराने और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर ऐसे अन्य स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि खुले मैनहोल की वजह से कोई दुर्घटना या जनहानि होती है तो संबंधित अधिकारी सीधे तौर पर जिम्मेदार माने जाएंगे।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों से इस प्रकार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं कि पाइप लाइन, सीवर लाइन, इंटरनेट केबल या अन्य निर्माण कार्यों के दौरान कार्यदायी संस्थाओं द्वारा खुदाई तो कर दी जाती है, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद मैनहोल और गड्ढों को सही तरीके से बंद नहीं किया जाता। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को खतरा बना रहता है।
नगर आयुक्त ने कहा कि ऐसी कार्यदायी संस्थाओं की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। यदि किसी संस्था द्वारा कार्य पूर्ण होने के बाद मैनहोल खुले छोड़े गए पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भारी-भरकम जुर्माना भी वसूला जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में विशेष अभियान चलाकर खुले मैनहोलों की जांच की जाए तथा तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। नगर निगम प्रशासन अब सभी जोनों में निगरानी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है, ताकि बरसात से पहले शहर में संभावित हादसों को रोका जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *