आगरा. 20 नवंबर। सोमवार को मंडलायुक्त श्रीमती रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में फिरोजाबाद शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण बोर्ड के साथ बैठक हुई । जिसमें फिरोजाबाद-शिकोहाबाद मास्टर प्लान 2023 और विकास प्राधिकरण 37वीं बोर्ड बैठक की तैयारियों की समीक्षा की गयी। बैठक में सर्वप्रथम विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्री घनश्याम मीणा जी द्वारा मास्टर प्लान 2023 में किये गए रूपांतरण और विचलन प्रस्ताव को प्रस्तुत किया गया। इसकी समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदया ने निर्देश दिए कि पिछले 10 सालों में जो बदलाव हुए हैं और शासन स्तर से जो बदलाव करने को आदेशित किया गया है उन्हें शामिल किया जाए। मास्टर प्लान में लैंड बैंक का प्रावधान किया जाए। अन्य कमियों को दूर करने के निर्देश देते हुए मास्टर प्लान 2023 को जल्द फाइनल करने को कहा।


