बिजलीघर पुल के नीचे क्षतिग्रस्त नाले का जाल होगा दुरुस्त, जाम से मिलेगी निजात

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। बिजलीघर रेलवे पुल के नीचे खुले नाले पर लगा क्षतिग्रस्त लोहे का जाल लंबे समय से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। जाल टूटने से मुख्य मार्ग पर वाहन फंसने और लगातार जाम लगने की समस्या सामने आ रही थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मरम्मत कार्य के निर्देश जारी कर दिए हैं।
नगर निगम प्रशासन को जानकारी मिली थी कि पुल के नीचे लगा लोहे का जाल कई जगह से टूट चुका है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन गड्ढे में फंस रहे हैं। व्यस्त मार्ग होने के कारण थोड़ी देर में ही लंबा जाम लग जाता है। कई बाइक सवार असंतुलित होकर गिर चुके हैं और हादसे होने की आशंका लगातार बनी हुई थी। क्षेत्रीय दुकानदारों का कहना था कि समस्या के कारण लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाहक मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने अवर अभियंता ललित कुमार अग्रवाल को तत्काल क्षतिग्रस्त जाल को ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मार्ग पर यातायात सुचारु रहेगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *