
आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी राज राजमोहन के निर्देशन में नारकोस अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल मथुरा जंक्शन एवं जीआरपी मथुरा जंक्शन द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान दो अंतर्राजीय तस्करों को कुल 16.635 किलोग्राम नशीले डोडा पाउडर के साथ गिरफ्तार किया गया।
दिनांक 18.05.2026 को आरपीएफ एवं जीआरपी स्टाफ द्वारा मथुरा रेलवे स्टेशन पर चोरी एवं अवैध तस्करी की घटनाओं की रोकथाम हेतु संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म संख्या 01 के आगरा छोर स्थित फुट ओवर ब्रिज (FOB) पर दो व्यक्ति एक-एक बैग लिए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। संदेह होने पर दोनों व्यक्तियों के बैग की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में नशीला डोडा पाउडर बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जगमीत सिंह पुत्र गुरुदित्ता सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम कोनी, थाना कोटपई, जिला मुक्तसर साहिब, पंजाब तथा बिट्टू सिंह पुत्र बलदेव सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम जुम्मा, थाना नंदगढ़, जिला भटिंडा, पंजाब के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान अभियुक्त जगमीत सिंह के कब्जे से एक काले रंग के “HP” लिखे बैग में 10.125 किलोग्राम तथा अभियुक्त बिट्टू सिंह के कब्जे से एक नीले रंग के “Nike” लिखे बैग में 06.510 किलोग्राम नशीला डोडा पाउडर बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 16.635 किलोग्राम डोडा पाउडर बरामद किया गया, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹2,25,000/- आंकी गई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे मध्यप्रदेश से विभिन्न ट्रेनों के माध्यम से उक्त नशीला पदार्थ लेकर आए थे तथा इसे भटिंडा ले जाकर स्टेशन के आसपास नशा करने वालों को बेचने की योजना थी।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में आरपीएफ मथुरा जंक्शन से उप निरीक्षक सुजीत सिंह चंदेल एवं कांस्टेबल पुरुषोत्तम सिंह तथा जीआरपी मथुरा जंक्शन से उप निरीक्षक अमित कुमार बालियान हमराह स्टाफ सहित शामिल रहे।अभियुक्तों के विरुद्ध थाना जीआरपी मथुरा जंक्शन पर मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


