
आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में व सहायक वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग संजय गौतम के सुपरविजन में आगरा मंडल द्वारा अवैध एवं अनधिकृत खानपान सामग्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 11.05.2026 को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई।
एसटीएफ/आगरा कैंट निरीक्षण टीम द्वारा ट्रेन संख्या 04125 सुबेदारगंज – मुंबई बांद्रा टर्मिनस में जांच के दौरान 1056 अनधिकृत पानी की बोतलें बरामद की गईं, जिन्हें रेलवे द्वारा अनुमोदित नहीं पाया गया। जब्त की गई बोतलों में विभिन्न ब्रांड शामिल हैं, जिन्हें नियमानुसार कब्जे में लेकर पार्सल कार्यालय, ईदगाह में जमा करा दिया गया। यात्रियों को केवल अधिकृत एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अनधिकृत वस्तुओं की बिक्री यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण हो सकती है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आगरा मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं गुणवत्ता युक्त सेवाएं सुनिश्चित करने हेतु नियमित जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं। यह कार्रवाई वाणिज्य विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई, जिसमें बलजीत सिंह (सीटीआई), गुलजार मोहम्मद (सीटीआई), इन्दीवर मिश्रा (टीटीआई), राकेश कुमार मीणा (टीटीआई), संजीव माथुर (टीटीआई) एवं हिमांशु द्विवेदी (सीसीटीसी) शामिल रहे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य एवं पेय सामग्री खरीदें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा संबंधित अधिकारियों को दें।


