एत्माद्दौला में नगर निगम की सख्ती, गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—– स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनजर अभियान तेज, दुकानदारों को चेतावनी

आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को एत्माद्दौला क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जहां गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने ऐसे दुकानदारों को चिन्हित किया, जो सफाई के बाद कचरे को डस्टबिन में डालने के बजाय सार्वजनिक स्थानों पर फेंक रहे थे। इसके अलावा क्षेत्र में स्थित शराब के ठेके पर भी गंदगी पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।
इस दौरान करीब पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम ने संबंधित दुकानदारों और ठेके संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में डस्टबिन नहीं रखा गया या गंदगी फैलाने की शिकायत मिली, तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनजर शहर में साफ-सफाई को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर नागरिकों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालें और शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें, ताकि आगरा स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर स्थान प्राप्त कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *