—– विश्व कार्यस्थल सुरक्षा दिवस पर विशेष शिविर, हीट वेव से बचाव को लेकर जागरूक किया गया
आगरा। विश्व कार्यस्थल सुरक्षा और स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा सफाई मित्रों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में सफाई मित्रों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में सभी सफाई मित्रों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों की टीम द्वारा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श दिया गया। विशेषज्ञों ने बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी। हीट वेव के प्रभाव से बचाव के लिए शिविर में विशेष रूप से ओआर एस कॉर्नर स्थापित किया गया, जहां आने वाले सभी सफाई मित्रों को ओआरएस घोल का वितरण किया गया। इसके साथ ही परिसर में स्वच्छता बनाए रखने हेतु डस्टबिन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सहयोग से आयोजित इस शिविर में डॉक्टर शैलेंद्र शर्मा, फार्मासिस्ट अनुज सिंह, सपोर्ट स्टाफ मनीष कुमार और लैब टेक्नीशियन मोतीलाल ने अपनी सेवाएं दीं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने भी सक्रिय रूप से भाग लेते हुए मरीजों का परीक्षण किया।
शिविर में कुल 129 सफाई मित्रों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ,सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम का विशेष योगदान रहा।


