—- ठेल-धकेल और अवैध काउंटर जब्त, विरोध के बीच पुलिस बल तैनात
आगरा। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से सोमवार को रामबाग चौराहे से हाथरस रोड तक व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए दर्जनों ठेल-धकेल, काउंटर, तख्त एवं बांस-बल्लियों को जब्त कर लिया गया।
अभियान की शुरुआत सुबह से ही कर दी गई थी, जिसमें नगर निगम की टीम के साथ भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपने सामान को हटाने में जुट गए। हालांकि, कई स्थानों पर दुकानदारों ने विरोध जताने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के चलते उनका विरोध ज्यादा देर तक नहीं चल सका।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी भी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो उनके खिलाफ जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों को निर्धारित सीमा के भीतर ही संचालित करें, जिससे आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधान हो।


