कुर्की-तालाबंदी के बाद भी नहीं जमा हुआ किराया, छह दुकानों के अनुबंध होगा समाप्त

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। नगर निगम प्रशासन ने बकाया किराया न जमा करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अब निर्णायक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। कुर्की और तालाबंदी जैसी कार्रवाई और वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बावजूद जिन दुकानदारों ने लंबे समय से बकाया किराया जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ अब अनुबंध समाप्त करने तक की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी कर और सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय के अनुसार, प्रथम चरण में उन दुकानदारों को चिन्हित किया गया है जिन पर 50 हजार रुपये से अधिक का बकाया है। ऐसे सभी बकायेदारों की सूची तैयार कर ली गई है और शीघ्र ही इनके अनुबंध निरस्त किए जाएंगे। राजस्व वसूली को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाल ही में चलाए गए अभियान के दौरान कई दुकानों पर तालाबंदी की कार्रवाई भी की गई। इसके तहत रकाबगंज स्थित अरिहंत मार्केट, चाहसोर मार्केट, बल्केश्वर मार्केट और महावीर मार्केट की दुकानों को सील किया गया। इन दुकानों के आवंटियों पर कुल 6 लाख 23 हजार 634 रुपये का बकाया किराया पाया गया।
तालाबंदी की गई दुकानों में अशोक कुमार जैन पर 1,68,725 रुपये, गुलाब चंद पर 1,80,413 रुपये, बनारसीदास पर 51,321 रुपये, जवाहर लाल पर 76,885 रुपये, मुकेश कुमार पर 67,768 रुपये और सुभाष चंद्र पर 78,522 रुपये का बकाया शामिल है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि इसके बावजूद बकायेदार किराया जमा नहीं करते हैं तो उनके अनुबंध समाप्त कर दुकानों को पुनः आवंटित किया जाएगा। साथ ही, भविष्य में भी नियमित रूप से वसूली अभियान चलाकर बकायेदारों पर सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे अपना बकाया जमा कर दें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *