आगरा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महावीर जयंती के अवसर पर जारी शासनादेश के तहत मंगलवार को पूरे प्रदेश में मांस की बिक्री और पशु कटान पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शासन के निर्देशों के अनुसार महावीर जयंती को “अभय एवं अहिंसा दिवस” के रूप में मनाया जाएगा, जिसके तहत सभी मीट की दुकानें, बूचड़खाने और नॉनवेज रेस्टोरेंट्स बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।शासनादेश का हवाला देते हुए पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि पहले ही शहरभर में मुनादी, अखबारों और अन्य माध्यमों से व्यापारियों व आमजन को सूचित कर दिया है कि महावीर जयंती के दिन किसी भी प्रकार का मांस विक्रय प्रतिबंधित रहेगा। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि “महावीर जयंती जैसे पावन अवसर पर ‘नो मीट डे’ का उद्देश्य समाज में शाकाहार, करुणा और अहिंसा को बढ़ावा देना है। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।”


