रविवार को भी खुले रहेंगे नगर निगम के कैश काउंटर, कर वसूली के लिए विशेष अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

—- घर-घर पहुंचकर टैक्स वसूली करेगा निगम, शाम 5 बजे तक देनी होगी रिपोर्ट

आगरा। नगर निगम द्वारा कर वसूली के निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम प्रशासन ने 29 मार्च (रविवार) को भी सभी जोनल कार्यालयों और उनके कैश काउंटरों को सामान्य कार्य दिवस की तरह खोलने का निर्णय लिया है।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के अनुसार, सभी संबंधित जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरे स्टाफ के साथ विशेष कैम्प लगाकर कर वसूली अभियान चलाएं। इसके साथ ही डोर-टू-डोर जाकर बकायेदारों से टैक्स वसूली सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अवकाश दिवस पर भी कर्मचारियों को सक्रिय किया गया है, ताकि अधिक से अधिक बकाया कर की वसूली की जा सके। सभी जोनल अधिकारी दिनभर की वसूली प्रगति की रिपोर्ट शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं। इससे वसूली अभियान की निगरानी और समीक्षा की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *