
31 मार्च तक छुट्टियां रद्द, लक्ष्य पूरा करने को फील्ड में उतरी पूरी राजस्व टीम
आगरा। नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में राजस्व वसूली को लेकर तेज़ी से अभियान चलाया जा रहा है। खास बात यह रही कि रामनवमी जैसे अवकाश दिवसों में भी निगम कर्मियों ने फील्ड में उतरकर गृहकर वसूली का कार्य जारी रखा और दो दिन में ही 135.18 लाख रुपये का राजस्व एकत्र कर एक बड़ी राशि निगम के खजाने में भर दी।
सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी कर श्रद्धा पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्व लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के लिए 31 मार्च तक सभी राजस्व कर्मियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। इसी क्रम में अवकाश दिवसों में भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।
उन्होंने बताया कि रामनवमी के अवकाश ( गुरुवार और शुक्रवार) के दौरान विभिन्न जोनों में व्यापक वसूली अभियान चलाया गया। इसमें ताजगंज जोन में 19.44 लाख रुपये, छत्ता जोन में 49.28 लाख रुपये, हरी पर्वत जोन में 41.10 लाख रुपये तथा लोहा मंडी जोन में 25.36 लाख रुपये की वसूली की गई। कुल मिलाकर 668 संपत्तियों से यह राशि एकत्र की गई।
प्रभारी कर ने बताया कि निगम ने इस वित्तीय वर्ष में सवा सौ करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य को हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसे पूरा करने के लिए 28 राजस्व निरीक्षक (आरआई), चार टैक्स सुपरिटेंडेंट (टीएस) और तीन जोनल अधिकारियों की विशेष टीम गठित कर मैदान में उतारी गई है। सभी टीमें लगातार क्षेत्रवार अभियान चलाकर बकाया करदाताओं से वसूली कर रही हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें सीलिंग और अन्य दंडात्मक कदम भी शामिल हैं।
—नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि “राजस्व नगर निगम की रीढ़ है और शहर के विकास कार्य इसी पर निर्भर करते हैं। हमारी प्राथमिकता है कि निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। अवकाश दिवसों में भी अभियान चलाकर जो परिणाम सामने आए हैं, वह सराहनीय हैं। वसूली अभियान को और तेज किया जाएगा।”


