
आगरा। मंडल में आज रेलवे बोर्ड के महानिदेशक/संरक्षा द्वारा मंडल कार्यालय के समीक्षा सभागार में संरक्षा से संबंधित एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महानिदेशक/संरक्षा, रेलवे बोर्ड, हितेंद्र मल्होत्रा, कार्यकारी निदेशक/संरक्षा, रेलवे बोर्ड, राहुल श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे, श्री जे.सी.एस. बोरा तथा मंडल रेल प्रबंधक, आगरा, गगन गोयल सहित सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य मंडल में संरक्षा व्यवस्थाओं का समग्र मूल्यांकन करना, संभावित जोखिमों की पहचान करना तथा संरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा। इस दौरान परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक, विद्युत एवं संरक्षा और सुरक्षा विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से संरक्षा से संबंधित विस्तृत फीडबैक प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुतियों में ट्रैक मेंटेनेंस, सिग्नलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता, लोको एवं कोचों की तकनीकी स्थिति, विद्युत आपूर्ति की स्थिरता, मानवरहित/संवेदनशील समपार फाटकों की निगरानी तथा परिचालन प्रक्रियाओं के अनुपालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, पूर्व में हुई संरक्षा संबंधी घटनाओं का विश्लेषण करते हुए उनके मूल कारणों की पहचान की गई तथा भविष्य में पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी निवारक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
महानिदेशक/संरक्षा ने अपने संबोधन में कहा कि संरक्षा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर सतत सतर्कता, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि ट्रैक, सिग्नलिंग एवं रोलिंग स्टॉक का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए, आधुनिक तकनीकों एवं उपकरणों का अधिकाधिक उपयोग किया जाए तथा कर्मचारियों को नियमित संरक्षा प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी दक्षता में निरंतर वृद्धि की जाए। साथ ही, फील्ड स्तर से प्राप्त फीडबैक को प्राथमिकता के साथ शामिल करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत बिंदुओं पर गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। आगरा मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षित, संरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा भविष्य में भी संरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाता रहेगा।


