—— दिल्ली गेट-राजामंडी क्षेत्र में कार्रवाई, बकायेदारों पर कसा शिकंजा
आगरा। नगर निगम की संपत्तियों पर संचालित दुकानों से किराया वसूली को लेकर निगम प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। किराया जमा न कराने वाले दुकानदारों के खिलाफ अब सीधे तालाबंदी जैसी कठोर कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी कर एवं सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय के अनुसार दिल्ली गेट-राजामंडी स्टेशन रोड क्षेत्र में स्थित निगम की दुकानों पर बकाया किराये को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिन दुकानदारों द्वारा लंबे समय से किराया जमा नहीं किया गया था, उनकी दुकानों पर तालाबंदी की कार्रवाई की गई। दुकान संख्या-08 (आत्माराम पुत्र चंनुमल) पर 63,280 रुपये, दुकान संख्या-44 (सोनू पुत्र तुलाराम) पर 39,536 रुपये, दुकान संख्या-45 (महेश चंद पुत्र तुलाराम) पर 18,009 रुपये तथा दुकान संख्या-46 (महेश चंद पुत्र तुलाराम) पर 71,682 रुपये का किराया बकाया चला आ रहा था। इसके अलावा अरिहंत मार्केट छीपीटोला में दुकान संख्या 18 नत्थीलाल पर 87768, दुकान नंबर 21 छीतरमल , और दुकान नंबर 34 के सुभाष चन्द्र पर 78522 रुपया बकाया होने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान न होने पर निगम ने दुकानों को सील कर दिया।
प्रभारी कर ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नगर निगम की आठ सौ से अधिक दुकानें किराये पर संचालित हो रही हैं। इन दुकानों से प्राप्त होने वाला किराया निगम की आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत है, जिससे शहर के विकास और जनहित के कार्य संचालित किए जाते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी दुकानदार समय पर किराया जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही सभी बकायेदारों से अपील की गई है कि वे शीघ्र अपना बकाया जमा कराकर कार्रवाई से बचें।


