
—— नगर निगम द्वारा संजय प्लेस स्थित शहीद पार्क में प्लॉग रन और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
—– शहर भर में शहीद प्रतिमाओं के आसपास चलाया गया विशेष सफाई अभियान
आगरा। शहीद दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित शहीद प्रतिमाओं के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पार्क में स्वच्छता को लेकर एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम की टीम एवं स्थानीय नागरिकों ने मिलकर पार्क परिसर में साफ-सफाई का संदेश दिया। लोगों को यह समझाया गया कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। साथ ही, पार्क में “प्लॉग रन” का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने दौड़ते हुए कचरा एकत्रित कर स्वच्छता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की प्रतिमा पर एसएफआई के सुदेश यादव द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिससे आगरा को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और निगम कर्मियों ने भाग लेकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाया।


