—– स्मार्ट सिटी में बैठक के दौरान बुद्धा पार्क के सौंदर्यीकरण पर मंथन, प्रवेश द्वार से प्रतिमा तक होंगे बड़े बदलाव
—- भव्य गेट और ऐतिहासिक दृश्यों में सुधार के साथ विकसित होगा बुद्धा पार्क
आगरा। बुद्धा पार्क के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर आज आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय द्वारा की गई। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों, विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर पार्क को अधिक आकर्षक और ऐतिहासिक रूप से सटीक बनाने के लिए विस्तृत सुझाव दिए।
बैठक की शुरुआत में बुद्धा पार्क में चल रहे कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया गया। इस दौरान भारतीय जाटव समाज के प्रतिनिधियों ने पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार को और अधिक ऊंचा व भव्य बनाने का सुझाव दिया, जिससे पार्क की आकर्षण क्षमता बढ़ सके। पार्क में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष चर्चा हुई। विशेषज्ञों द्वारा प्रतिमा का तकनीकी परीक्षण कराने के साथ पेंट और आधुनिक लाइटिंग के माध्यम से इसे और अधिक आकर्षक बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह सुझाव भी दिया गया कि भगवान बुद्ध की आयु (ज्ञान प्राप्ति के समय 35 वर्ष) और बालों की संरचना को अधिक यथार्थ रूप में प्रस्तुत किया जाए।
पाथवे की चौड़ाई बढ़ाने का सुझाव भी सामने आया, जिस पर प्रभारी मुख्य अभियंता ने स्पष्ट किया कि पाथवे 2 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है, जो मानकों के अनुरूप है और इसके साथ पर्याप्त खुला स्थान भी उपलब्ध रहेगा।
पार्क में बने विभिन्न ऐतिहासिक और धार्मिक दृश्यों (पैनल) में सुधार को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इनमें रानी महामाया की मुद्रा में परिवर्तन, सिद्धार्थ और यशोधरा के विवाह व महा प्रस्थान के समय आयु का संशोधन, कपिलवस्तु में पिता-पुत्र के मिलन दृश्य को अधिक भावपूर्ण बनाना और यशोधरा-राहुल मिलन के चित्र में आवश्यक बदलाव शामिल हैं। साथ ही “अछूत सुनीत” शब्द में से “अछूत” हटाने और भगवान बुद्ध के पांच शिष्यों के चेहरों को अलग-अलग स्वरूप देने का निर्णय लिया गया।
पार्क को डिजिटल रूप से भी आधुनिक बनाने की दिशा में प्रत्येक पैनल पर क्यूआर कोड लगाने का सुझाव दिया गया, जिससे आगंतुक उसे स्कैन कर हिंदी और अंग्रेजी में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने इन प्रस्तावों पर सहमति जताई और तय किया गया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार जल्द पूरे कराए जाएंगे।
बैठक में सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय , प्रभारी मुख्य अभियंता अरविन्द कुमार श्रीवास्तव, एस एफआई सुदेश यादव, अवर अभियंता ललित कुमार अग्रवाल, आफरीन, प्रो० बी.डी शुक्ला डा भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, उपेन्द्र सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय जाटव समाज, नेत्रपाल सिंह प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जाटव समाज और वास्तुविद देव आदित्य जैन, कन्हैया शर्मा एवं रमन थापा आदि उपस्थित थे।


