आगरा। नगर निगम छत्ता ज़ोन अंतर्गत वार्ड संख्या 92 स्थित रावत पाड़ा रोड पर गुरुवार को स्वच्छता जागरूकता को लेकर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन नगर निगम की सहयोगी संस्था म्यूज फाउंडेशन की टीम द्वारा किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्थानीय रहवासियों, दुकानदारों और विशेष रूप से स्कूल के बच्चों को कचरा प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सेग्रीगेशन (कचरे का अलग-अलग वर्गीकरण), कंपोस्टिंग (गीले कचरे से खाद बनाना) और आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल) के सिद्धांतों को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया। टीम की सदस्य अंजना, वासुदेव, आशीष, मुकीम, नरगिस, गंगा देवी, साइना, अनुराधा और पिंकी यासर ने अपने अभिनय के माध्यम से स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि यदि हर व्यक्ति अपने घर और आसपास की सफाई का ध्यान रखे और कचरे का सही तरीके से निस्तारण करे, तो शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें और गली-मोहल्लों में गंदगी फैलाने से बचें। बच्चों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने घरों में इस आदत को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बनी रहे।


