नौ दुर्गा व ईद को लेकर धार्मिक स्थलों पर सफाई व अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश
श्री मनकामेश्वर मंदिर के द्वार पर नगर निगम द्वारा सफाई कराने के बाद चूना छिड़कवा दिया गया है

—- श्रद्धालुओं को नहीं होगी परेशानी, मार्ग होंगे गड्ढा मुक्त, सीवर सफाई और चूना छिड़काव के आदेश

आगरा। नौ दुर्गा और ईद को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। श्रद्धालुओं और नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि शहर के मंदिरों, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है। इसके साथ ही इन स्थलों तक जाने वाले मार्गों को गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि आने-जाने में किसी को परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि सीवर लाइनों की समय से सफाई सुनिश्चित की जाएगी और जहां कहीं भी जलभराव या गंदगी की समस्या है, उसे तत्काल दूर किया जाएगा। इसके अलावा, संक्रमण और दुर्गंध से बचाव के लिए नियमित रूप से चूना एवं अन्य दवाओं का छिड़काव कराया जाएगा।
नगर निगम की टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं की निगरानी रखें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अपर नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शहर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है, जिससे सभी नागरिक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में अपने पर्व मना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *