
—- कैम्प लगाकर वसूले गए 7.91 लाख रुपये, बकायेदारों पर कार्रवाई तेज
आगरा। किराया वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए छीपीटोला स्थित महावीर मार्केट में विशेष कैम्प लगाकर कार्रवाई की। निर्धारित तिथि पर आयोजित इस कैम्प में कुल 7,91,830 रुपये की वसूली की गई, वहीं किराया जमा न करने वाले तीन दुकानदारों की दुकानों पर ताले जड़ दिए गए।
कार्रवाई के दौरान दुकान संख्या 35 के किरायेदार ने मौके पर ही 30,000 रुपये जमा कर दिए, जिसके बाद निगम अधिकारियों ने दुकान का ताला खोल दिया, हालांकि अन्य बकायेदारों पर सख्ती जारी रही।
दुकान संख्या 49 के मुकेश कुमार पर 67,768 रुपये तथा दुकान संख्या 68 के जवाहर लाल पर 76,885 रुपये बकाया था। चेतावनी के बाद भी दोनों ने किराया जमा नहीं कराया।
शहर में निगम की लगभग 880 दुकानें किराये पर संचालित हैं, जिनसे निगम को हर वर्ष करीब सवा करोड़ रुपये का राजस्व किराये के रूप में प्राप्त होता है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में किरायेदार समय पर किराया जमा नहीं कर रहे हैं।
निगम प्रशासन ने सभी बकायेदारों को पूर्व में नोटिस जारी कर चेतावनी दी थी, लेकिन उसके बावजूद कई लोगों ने भुगतान नहीं किया। अब ऐसे बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिसमें दुकानों को सील करना और ताला डालना शामिल
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय ने बताया कि किराया जमा न करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान चलाया जाएगा। साथ ही बकायेदारों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपना किराया जमा कर कार्रवाई से बचें।


