—- ताज नेचर पार्क समेत शहर के विभिन्न वार्डों में नगर निगम द्वारा कार्यकमों का किया आयोजन
—— महिलाओं को किया सम्मानित, अधिकारों और समानता पर बल
आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर के अलग-अलग वार्डों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महिला कर्मचारियों को सम्मानित करने के साथ ही महिला सशक्तिकरण में उनकी भूमिका और अधिकारों से अवगत कराया गया। नगर निगम की सहयोगी संस्था म्यूज स्टडी एजुकेशन सोसाइटी द्वारा ताजगंज जोन के वार्ड संख्या 45 में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ताज नेचर पार्क में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम का आयोजन मिशन शक्ति 5.0 के तहत क्षेत्रीय जेड.एस.ओ. और एस.एफ.आई. के निर्देशानुसार किया गया। इस दौरान म्यूज स्टडी टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सम्मान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करना, उन्हें समान अवसर दिलाना और समाज में उनके योगदान को पहचान देना है।
कार्यक्रम में महिलाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण और समान अधिकारों के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, राजनीति और व्यवसाय जैसे अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं और देश के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा विभिन्न वार्डों में भी महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें समाज में महिलाओं की भागीदारी, अधिकारों और आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया गया। इसके अलावा पर्यटक स्थल लोन पर भी रंगोली सजाकर कर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।


