आगरा। यमुना ब्रिज स्टेशन पर स्टेशन बिल्डिंग, कर्मचारी रेल आवास तथा सुशील नगर एवं प्रकाश नगर को जोड़ने वाली सड़क के सुधार एवं चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास कार्यक्रम आज दिनांक 14.02.2026 को माननीय प्रो. एस.पी. सिंह बघेल जी (राज्य मंत्री), माननीय विधायक एत्मादपुर, डॉ. धर्मपाल सिंह जी,मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल की उपस्थिति में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।यमुना ब्रिज स्टेशन पर सड़क सुधार एवं चौड़ीकरण कार्य का माननीय प्रो. एस.पी. सिंह बघेल जी (राज्य मंत्री) द्वारा पट्टिका का फीता काटकर अनावरण किया,
यह प्रस्ताव क्षेत्रीय जनहित एवं यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। परियोजना के अंतर्गत वर्तमान में मात्र 3.00 मीटर चौड़ी सड़क को बढ़ाकर 5.00 मीटर किया जाएगा, जिससे सड़क की वहन क्षमता में वृद्धि होगी तथा यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित हो सकेगा। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की अनुमानित लागत ₹45.00 लाख है।
वर्तमान में सड़क के संकरी एवं कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने के कारण दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के आवागमन में कठिनाइयाँ आती थीं तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से स्टेशन बिल्डिंग में ड्यूटी पर आने वाले रेलवे कर्मचारियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं कर्मचारी रेल आवासों में निवासरत परिवारों को भी राहत प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त, सुशील नगर एवं प्रकाश नगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों के नागरिकों को सुरक्षित, सुचारु एवं सुविधाजनक यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर माननीय प्रो. एस.पी. सिंह बघेल जी (राज्य मंत्री), माननीय विधायक एत्मादपुर, डॉ. धर्मपाल सिंह जी एवं मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री प्रनव कुमार सहित मंडल के अन्य अधिकारी, ZRUCC,DRUCC सदस्य एवं आम क्षेत्रीय जनता, कर्मचारी उपस्थित रहे।
