— फतेहाबाद रोड और सी एम ग्रिड के काम का निरीक्षण, मेट्रो की तर्ज पर स्थाई बेरीकेडिंग लगाने के निर्देश
—- फतेहाबाद रोड पर नमामि गंगे परियोजना के कार्यो को जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
—फुटपाथ मरम्मत, नाला सफाई और अतिक्रमण हटाने के आदेश
आगरा। ताजगंज जोनल कार्यालय में निर्माणाधीन रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के कार्य की धीमी प्रगति पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ठेकेदार पर पांच लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य हर हाल में बरसात से पहले पूर्ण कराया जाए, ताकि जलभराव और जल संरक्षण से संबंधित समस्याओं का समाधान समय रहते हो सके।
नगर आयुक्त गुरुवार को फतेहाबाद रोड पर सीएम ग्रिड योजना और नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलकल और सिविल विभाग के अभियंताओं को आपसी समन्वय बनाकर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए, जिससे बाद में किसी प्रकार की तकनीकी या संचालन संबंधी समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में जहां-जहां सीएम ग्रिड के तहत कार्य चल रहा है, वहां मेट्रो परियोजना की तर्ज पर स्थायी बैरिकेडिंग की जाए तथा कार्य का विवरण दर्शाने वाले सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि आमजन को परियोजना की जानकारी मिल सके। सी एम ग्रिड और नमामि गंगे परियोजना के चल रहे कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे इसका भी विशेष ख्याल रखा जाए। फतेहाबाद रोड पर साल्ट कैफे के पास चल रहे नमामि गंगे परियोजना के कार्य को दो दिन में और पुरानी मंडी पर चल रहे कार्यों को एक सप्ताह में पूर्ण कर यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने यहां सड़क पर डाली गई बिटुमिन और आर सी सी की मोटाई की भी जांच की। कहा कि नमामि गंगे परियोजना के कार्य पांचसौ मीटर के पैच बनाकर करें। अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार से काम को अंजाम देकर जल्द जल्द समाप्त कराया जाए। उन्होंने परियोजना अधिकारियों से नमामि गंगे के काम कितने समय में पूरा कर पाएंगे इसका भी डाटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने काम को गुणवत्तापूर्ण और समय से पूरा करने के भी कहा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने क्षतिग्रस्त फुटपाथों की शीघ्र मरम्मत कराने, डिवाइडरों पर आवश्यकतानुसार हरियाली विकसित करने के लिए पौधरोपण कराने तथा जिन स्थानों पर कार्य पूर्ण हो चुका है वहां सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाने के और कार्य पूर्ण होने के बाद कार्य की गुदवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए ।
इसके अलावा उन्होंने पंचवटी क्षेत्र स्थित नाले की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि सफाई में किसी प्रकार की बाधा आ रही है तो आवश्यकतानुसार स्लैब आदि हटाकर नाले की पूर्ण सफाई कराई जाए। साथ ही सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, अवर अभियंता कृष्ण गोपाल, जेडएसओ ताजगंज महेंद्र सिंह, एसएफआई योगेंद्र कुशवाहा, संजीव वर्मा, अतिक्रमण प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह तथा क्षेत्रीय पार्षद दीपक वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
