—– आई-ट्रिपल-सी सेंटर का भ्रमण, नगरायुक्त से जाना शहर प्रबंधन का मॉडल
आगरा। प्रशासनिक प्रशिक्षण के अंतर्गत 10 सदस्यीय आईएएस प्रशिक्षु दल ने नगर निगम एवं आगरा स्मार्ट सिटी परियोजना का दौरा किया। इस दौरान नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने प्रशिक्षुओं को नगर निगम द्वारा शहर में संचालित विकास कार्यों, स्वच्छता प्रबंधन, कर व्यवस्था, जल निकासी, जनसुविधाओं और शहरी व्यवस्थाओं के संचालन की विस्तृत जानकारी दी। बैठक के दौरान नगरायुक्त ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर में किए जा रहे प्रमुख कार्यों और तकनीक आधारित शहरी प्रबंधन प्रणाली के बारे में भी प्रशिक्षु अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, निगरानी और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।
प्रशिक्षु दल ने आगरा स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई-ट्रिपल-सी) का भी भ्रमण किया। यहां अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इस केंद्र के माध्यम से शहर की ट्रैफिक मॉनिटरिंग, सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, स्वच्छता प्रबंधन और विभिन्न विभागों की गतिविधियों पर एकीकृत रूप से नजर रखी जाती है। प्रशिक्षुओं ने केंद्र की कार्यप्रणाली को समझते हुए इसके तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर नगर निगम के समस्त वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षु अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन को ध्यानपूर्वक सुना और नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली, चुनौतियों तथा समाधान के बारे में नगरायुक्त से सवाल पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान कराया।
अंत में प्रशिक्षु अधिकारियों ने आगरा में लागू स्मार्ट और तकनीक आधारित शहरी प्रबंधन मॉडल की सराहना की तथा इसे प्रशासनिक कार्यों में उपयोगी अनुभव बताया।


