एशियन लेक्रोज गेम्स में भारत की पुरुष टीम ने इराक़ को और महिला टीम ने पाकिस्तान को हराकर रचा इतिहास

SPORTS उत्तर प्रदेश

रियाद (सऊदी अरब)। रियाद में संपन्न हुई एशियन लेक्रोज गेम्स 2025-26 में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए महिला और पुरुष दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर क्लीन स्वीप किया। फाइनल मुकाबलों में भारतीय पुरुष टीम ने इराक को 9-3 से जबकि महिला टीम ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 22-5 से पराजित कर एशिया में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
भारतीय दल के प्रबंधक इमरान लारी ने बताया कि इस शानदार सफलता के पीछे प्रशिक्षक नीरज बत्रा और तकनीकी अधिकारी शकील खान की सटीक रणनीति तथा खिलाड़ियों द्वारा उसके अनुशासित क्रियान्वयन की अहम भूमिका रही।
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान के विरुद्ध हाई-वोल्टेज रहा। शुरुआत में मुकाबला संघर्षपूर्ण रहा, लेकिन भारतीय टीम की तेज गति, धारदार आक्रमण, मजबूत रक्षण, बेहतरीन तालमेल और उत्कृष्ट गोलकीपिंग के सामने पाकिस्तानी टीम पूरी तरह बिखर गई।
भारतीय टीम की ओर से जुला कुमारी गुर्जर ने 8, जानवी राठौड़ ने 6, यशोदा गमेती ने 3, मीरा दौजा व डाली गमेती ने 2-2 तथा सुनीता मीणा ने 1 गोल किया। कप्तान सुनीता मीणा ने रोशनी बोस के साथ मिलकर आक्रमण की कमान संभाली और कई गोलों में महत्वपूर्ण एसिस्ट किए। गोलकीपर यशिष्ठा बत्रा और मुकन कुमारी गुर्जर ने शानदार प्रदर्शन कर पाकिस्तान के आक्रमण को विफल किया।
महिला टीम की जीत से उत्साहित भारतीय पुरुष टीम ने भी इराक के खिलाफ आक्रामक शुरुआत की। चोटग्रस्त होने के बावजूद मोहनलाल गमेती ने गेम प्लानर की भूमिका निभाते हुए इराकी रक्षकों को उलझाए रखा, जिसका लाभ उठाते हुए दयाशंकर गमेती ने 5, खुमाराम गमेती और निशांत नागदा ने 2-2 गोल किए। गोलकीपर नारायण लाल गमेती के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 9-3 से जीत दर्ज की।
दोनों वर्गों में भारत की जीत से स्टेडियम ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। टीम के साथ मौजूद चीफ डे मिशन सौरभ वेताल, शहजाद खान, राजपाल रेड्डी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और समर्थक तिरंगा लहराते हुए खुशी से झूम उठे। शारदा वर्ल्ड स्कूल में कार्यरत हेड ऑफिस सपोर्ट शकील खान इस टीम के तकनीकी अधिकारी थे सभी लोगों ने उनको भी बहुत शुभकामनाएं दी
इस ऐतिहासिक सफलता पर लैक्रोज फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं सांसद-अभिनेता रवि किशन शुक्ला, चेयरमैन बिपुन विजय, सीईओ तौसीफ लारी, सेक्रेटरी जनरल नबीज आलम, उत्तर प्रदेश लेकरॉस एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बंसल और उत्तर प्रदेश लेकरॉस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा जी , शारदा वर्ल्ड स्कूल के हेड ऑफ स्कूल सत्य की बनर्जी एवं शारदा वर्ल्ड स्कूल की एडवाइजर गरिमा यादव मैडम कि ओर से विभिन्न राज्य संघों के पदाधिकारियों, खेल संगठनों और शहर की प्रमुख हस्तियों ने टीम को बधाई दी। सभी ने विश्वास जताया कि इस जीत से भारत में लेक्रोज की लोकप्रियता तेजी से बढ़ेगी और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *