“ऑपरेशन अमानत” अभियान के अंतर्गत रेलवे ने ₹61,11,879 / के 503 सामान यात्रियों को लौटाये

Press Release दिल्ली/ NCR

आगरा। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में व वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा पी राज मोहन के मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सतत प्रयासों से रेलवे द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अमानत” अभियान के अंतर्गत यात्रियों का अमूल्य खोया सामान सुरक्षित रूप से उनके मालिकों को वापस सौंपा जा रहा है।अप्रैल 2025 से जनवरी – 2026 की अवधि में आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों से बरामद यात्रियों के लगभग 503 सामान सही पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया के उपरांत संबंधित यात्रियों को सुरक्षित रूप से सुपुर्द किए गए। इन सभी बरामद वस्तुओं का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹61,11,879 /- आंका गया है।
इस अभियान के तहत रेलवे कर्मचारियों ने न केवल यात्रियों के खोए हुए कीमती सामान जैसे — बैग, मोबाइल, लैपटॉप, पर्स, दस्तावेज़ आदि को बरामद किया बल्कि उन्हें सही यात्री तक पहुँचाने में अत्यंत सतर्कता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। यह रेलवे के ईमानदार और संवेदनशील स्टाफ की कार्यकुशलता का उत्कृष्ट उदाहरण है।“ऑपरेशन अमानत” का उद्देश्य यात्रियों को यह भरोसा दिलाना है कि रेलवे उनकी वस्तुओं की सुरक्षा के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है। आगरा मंडल के प्रत्येक स्टेशन पर आरपीएफ एवं स्टेशन स्टाफ द्वारा नियमित निगरानी रखी जाती है, जिससे कोई भी छोड़ी गई वस्तु सुरक्षित रूप से संरक्षित की जा सके। रेलवे की वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर भी समय-समय पर बरामद सामान की जानकारी साझा की जाती है, ताकि यात्री आसानी से अपने सामान की पहचान कर सकें।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान की विशेष देखभाल करें, तथा यदि कोई वस्तु छूट जाती है तो तुरंत निकटतम स्टेशन, रेलवे सुरक्षा बल या हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें। रेल प्रशासन अपने कर्मियों के ऐसे निष्ठापूर्ण प्रयासों की सराहना करता है तथा भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने हेतु इसी प्रकार के जनसेवा अभियानों को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *