आगरा में अखिल भारतीय प्राइजमनी वालीबाल टूर्नामेंट के शुरू होने में वर्षा से बाधा, मैदान सुखाने में जुटा स्टेडियम प्रशासन

SPORTS उत्तर प्रदेश

आगरा, 28 जनवरी। खेल निदेशालय उ0प्र0के तत्वावधान में क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय, आगरा द्वारा उ0प्र0 वालीबाल संघ के सहयोग से अखिल भारतीय वालीबाल संघ से मान्यता प्राप्त अखिल भारतीय प्राईजमनी वालीबाल पुरूष प्रतियोगिता का आयोजन 28 से 31 जनवरी तक आगरा के एकलव्य स्टेडियम में किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट के आयोजन में इंद्रदेवता की कृपा से थोड़ा व्यवधान पड़ गया है। मैच जो आज सुबह 9.30 बजे से प्रारंभ होने थे, वह दोपहर लगभग 12 बजे तक शुरू नहीं हो पाये। अभी तो मैदान को सुखाने में पूरा स्टेडियम प्रशासन लगा हुआ है।
ज्ञातव्य है कि ताजनगरी समेत देश के तमाम शहरों में कल से इंद्र देव की कृपा बरस रही है। जिसके कारण एकलव्य स्टेडियम का मैदान कुछ गीला हो गया है। इस मैदान को सुखाने के लिये आयोजकों ने पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को शाम को ही वालीबाल कोर्ट तिरपाल से ढक दिया था। जिसके कारण एक वालीबाल कोर्ट तो काफी हद तक सूखा सा है। दूसरा कोर्ट जरूर कुछ गीला है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा बुधवार को सुबह तड़के से ही पूरी टीम के साथ मैदान को सुखाने में लगे हुए हैं। स्टेडियम के सभी प्रशिक्षक और कर्मचारी इस कार्य में उनका हाथ बंटा रहे हैं। आगरा के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे विजय कुमार वालीबाल की बाल तैयार करने में लगे हैं। उनका कहना है कि आज सुबह 9.30 बजे से मैच प्रारंभ होे थे लेकिन बरसात के व्यवधान के कारण कुछ देर से शुरू हो पाएंगे। पहला मैच पंजाब पुलिस और संयुक्त छात्रावास के मध्य खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि उद्घाटन अपराह्न साढ़े तीन बजे होगा,उससे पहले दो मैच कराये जाएँगे। उन्होंने बताया कि ज्यादातर टीमें आगरा पहुंच गयी हैं। एक-दो रह गयी हैं, वे रास्ते में हैं और आज शाम तक आगरा पहुंच जाएंगी। टीमों को विभिन्न होटलों में ठहराया गया है। जबकि निर्णायक ग्रांड होटल में ठहरे हैं।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार धनराशि रूपया दो लाख, द्वितीय पुरस्कार धनराषि रूपया एक लाख और तृतीय पुरस्कार रूपया पचास हजार के ईनामी मुकाबलों को खेलने के लिए भारत के विभिन्न प्रदेशों से टीमें प्रतिभाग कर रही है। जिनमें राजस्थान एसोसिएशन, पंजाब पुलिस, आयकर चंडीगढ़, नार्दन रेलवे, संयुक्त छात्रावास, जाट रेजिमेंट, जबलपुर रेलवे, आर्यन क्लब दिल्ली, सी.जी.एस.टी.मुम्बई, सांई हरियाणा, उ0प्र0पुलिस, महाराणा प्रताप एकेडमी लखनऊ प्रतिभाग कर रही है।
प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सतनाम सिंह, गगनदीप सिंह, गुरमीत पाल सिंह पंजाब पुलिस, आदर्श, आदेश सिंह, आदित्य राणा संयुक्त छात्रावास, प्रिंस मलिक, विनीत आयकर चंडीगढ़ तथा कप्तान सिंह ने भारतीय नार्दन रेलवे की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में जलवा बिखेर रखा है।
अखिल भारतीय प्राईजमनी प्रतियोगिता के मैचों के पर्यवेक्षक के रूप में सुनील तिवारी तथा निर्णायकों में उपेन्द्र बहादुर सिंह, विजय कुमार, शेषनाथ कुशवाहा, अंजनी कुमार पाण्डेय आदि सहित अनेको निर्णायक निष्पक्ष भूमिका के लिए तैयार है। प्रतियोगिता में प्रवेश निःशुल्क है। विभिन्न खेलों के इच्छुक खिलाडी, गणमान्य नागरिक प्रतियोगिता के मैचों का आनन्द लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *